| | |

उज्जैन में टंकी बनाने आए मजदूरों ने की चोरी: सात घरों से चुराए नगदी और जेवर; 100 सीसीटीवी खंगाल कर पुलिस ने पकड़ा

उज्जैन। नर्मदा परियोजना में पानी की टंकी बनाने आए मजदूर दिनभर मेहनत-मजदूरी करते थे और रात में सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी करते थे। भाटपचलाना पुलिस ने मुरैना की इस गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर चार थाना क्षेत्रों में हुई सात चोरी की वारदातों का खुलासा किया है।

भाटपचलाना में चार, नागदा, इंगोरिया और उन्हेल में एक-एक कर सात सूने घरो से लाखों की नगदी, जेवरात, वाहन चोरी हो गए। इस पर ग्रामीण एसपी प्रदीप शर्मा ने टीआई सत्येंद्र सिंह चौधरी के नेतृत्व में टीम बनाई। टीम ने ग्रामीण इलाकों और प्रमुख रास्तों पर लगे 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बाइक से घूमते 4-5 संदिग्ध नजर आए। इस पर उनके आने-जाने का रूट ट्रेस कर उन्हेल पहुंचे और किराये के मकान में रह रहे पांच संदिग्धों को दबोच लिया।

यह है आरोपी 
मामले में राहुल उर्फ बल्ली पिता सुरतराम कुशवाह (32), अंकित पिता जीवाराम जाटव (26), विजय पिता भगवानसिंह कुशवाह (30), पन्नालाल पिता रामदास जाटव (36) और एंदलसिंह पिता मुंशी गुर्जर (44), सभी निवासी मुरैना, को हिरासत में लिया। इनसे 8.75 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, 1.52 लाख रुपए नकद, 1 लाख रुपए कीमत की दो बाइक, बोल्ट कटर, टामी, सब्बल और पेचकस बरामद किए हैं।

मजदूरी की आड़ में कई जिलों में वारदातें
टीआई ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पहले बताया कि वे नर्मदा परियोजना की पानी की टंकी निर्माण साइट पर मजदूरी करते है। सीसीटीवी से मिले सुरागों के आधार पर सख्ती से पूछताछ करने पर सब सच बता दिया। आरोपी मजदूरी के नाम पर अलग-अलग स्थानों पर जाते और दिन में इलाकों की रेकी करने के बाद रात में सूने मकानों को निशाना बनाते थे।

आदतन अपराधी
आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने पर पता चला आरोपीयों ने शिवपुरी, मुरैना, ग्वालियर और पन्ना में करीब 15 वारदात की है। आरोपी राहुल उर्फ बल्ली के खिलाफ 15, अंकित के खिलाफ 7, विजय के खिलाफ 8 और पन्नालाल के खिलाफ 8 आपराधिक मामले दर्ज है। रिमांड खत्म होने पर पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

Share