बड़वानी में 19 दिन में 18 रुपए महंगी हुई शक्कर: थोक भाव 60 रुपए किलो तक पहुंचा; त्योहारों में महंगी हो सकती है मिठाई

बड़वानी। शक्कर की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की जेब पर असर डालना शुरू कर दिया है। बड़वानी के थोक बाजार में बुधवार को शक्कर का भाव करीब 60 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया। किराना व्यापारियों के अनुसार, महज 19 दिनों में शक्कर के दाम में करीब 18 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है।
42 से बढ़कर 60 रुपए किलो हुआ भाव
किराना व्यापारी कमल गोले के अनुसार 1 से 19 अगस्त के बीच शक्कर के भाव में करीब 18 रुपए प्रति किलो की वृद्धि हुई है। 1 अगस्त से पहले शक्कर का थोक भाव करीब 42 रुपए प्रति किलो था, जो अब बढ़कर करीब 60 रुपए हो गया है।
व्यापारियों का अनुमान है कि यदि कीमतों में तेजी जारी रही तो थोक बाजार में शक्कर का भाव 60 से 65 रुपए और खुदरा बाजार में 70 रुपए प्रति किलो से ऊपर पहुंच सकता है।

गुड़ के भाव में भी तेजी
शक्कर के साथ गुड़ की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। तीन दिन पहले 50 से 52 रुपए प्रति किलो बिक रहा गुड़ अब 60 से 62 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया है।
कम बारिश को बताया जा रहा प्रमुख कारण
व्यापारियों के अनुसार शक्कर की कीमतों में बढ़ोतरी का एक प्रमुख कारण कम बारिश है। गन्ने की खेती के लिए पर्याप्त बारिश नहीं होने से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। गन्ने की उपलब्धता और चीनी उत्पादन को लेकर बाजार में चिंता बढ़ने का सीधा असर शक्कर की कीमतों पर पड़ रहा है।
दूसरे देशों से आने वाली शक्कर की उपलब्धता पर भी मौसम का असर बताया जा रहा है। हालांकि, कीमतों में आगे कितनी तेजी आएगी, यह बाजार में उपलब्धता और उत्पादन की स्थिति पर निर्भर करेगा।
त्योहारों में बढ़ सकती है मिठाई की कीमत
शक्कर के बढ़ते दामों का सीधा असर मिठाई कारोबार पर पड़ने की संभावना है। आने वाले त्योहारों और शादी के मौसम में मिठाइयों की मांग बढ़ने पर लागत भी बढ़ सकती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को मिठाइयों के लिए पहले से अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।
