|

सतना में रिश्वत लेते सहकारी बैंक प्रबंधक पकड़े गए: प्रेम नगर स्थित घर पर लोकायुक्त की कार्रवाई; रकम बरामद

सतना। जिला केंद्रीय सहकारी बैंक सतना के प्रबंधक केसी शर्मा को लोकायुक्त रीवा की टीम ने 96 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। बुधवार सुबह प्रेम नगर स्थित उनके आवास पर कार्रवाई की गई। रिश्वत की रकम बरामद करने के बाद लोकायुक्त टीम आरोपी बैंक प्रबंधक को सर्किट हाउस ले गई, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।

धान खरीदी की राशि के बदले मांगे थे 1 लाख नागौद स्थित सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक सिद्धार्थ ओझा से धान खरीदी की राशि के भुगतान के संबंध में एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। आरोप है कि धान खरीदी की कुल राशि का 3 प्रतिशत बतौर रिश्वत मांगा गया था।

रिश्वत की मांग से परेशान समिति प्रबंधक ने लोकायुक्त एसपी से शिकायत की। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ने की योजना बनाई।

घर पर पहुंची 15 सदस्यीय टीम
बुधवार सुबह निरीक्षक एस. राम मरावी के नेतृत्व में लोकायुक्त की 15 सदस्यीय टीम प्रेम नगर पहुंची। शिकायतकर्ता ने जैसे ही आरोपी बैंक प्रबंधक को 96 हजार रुपए दिए, टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद की गई।

बैंक और सहकारिता विभाग में हड़कंप
लोकायुक्त की कार्रवाई की जानकारी सामने आते ही बैंकिंग और सहकारिता विभाग में हड़कंप मच गया। टीम आरोपी प्रबंधक को लेकर सर्किट हाउस पहुंची, जहां दस्तावेजी कार्रवाई और पूछताछ की जा रही है।

लोकायुक्त अधिकारियों द्वारा मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच के साथ रिश्वत की मांग और उससे जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

 

Share