जेन-जी ने ऐप पर देखा पंचायत का हिसाब : उमरिया वजंत्री में करोड़ों के भ्रष्टाचार के आरोप; कलेक्टर के पास पहुंचे

झाबुआ। ग्राम पंचायत उमरिया वजंत्री में विकास कार्यों के नाम पर करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और जेन-जी के युवा रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। युवाओं का कहना है कि उन्होंने पंचायत के विकास कार्यों की जानकारी दर्पण ऐप पर देखी।

ऐप में दर्ज कई काम उन्हें मौके पर नजर नहीं आए। ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव पर शासकीय राशि के दुरुपयोग, आरटीआई की जानकारी नहीं देने और मारपीट के आरोप लगाए हैं। वहीं प्रभारी खंड पंचायत अधिकारी ने भी पंचायत में कुछ अनियमितताएं होने की बात स्वीकार की है।

ऐप पर दर्ज काम जमीन पर नहीं मिले
जेन-जी के युवा मेसक गुड़िया के अनुसार, पंचायत में हुए विकास कार्यों की जानकारी जानने के लिए उन्होंने दर्पण ऐप का इस्तेमाल किया। ऐप पर पंचायत में कराए गए कई विकास कार्यों की जानकारी दर्ज थी। इसके बाद युवाओं और ग्रामीणों ने इन कार्यों का मौके पर जाकर पता किया तो कुछ काम दिखाई नहीं दिए। इसके बाद ग्रामीणों ने पूरे मामले की शिकायत करने का निर्णय लिया।

सीसी रोड से लेकर पुलिया निर्माण पर सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन की मरम्मत के नाम पर राशि निकाली गई, लेकिन मौके पर काम नहीं हुआ। कुछ सीसी रोड भी कागजों में बने बताए गए हैं, जबकि मौके पर उनका निर्माण नहीं हुआ। पुलिया निर्माण के कुछ काम भी अधूरे होने का आरोप है। ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण की स्वीकृत राशि और बैंक से किए गए भुगतान में अंतर होने की बात भी कही है।

सामुदायिक भवन पर कब्जे का आरोप
ग्रामीणों ने सामुदायिक भवन पर सरपंच के पति के भाई के कथित कब्जे का आरोप लगाया है। इसके अलावा कुछ निर्माण कार्यों के बिलों पर सरपंच और सचिव के हस्ताक्षर व सील नहीं होने के बावजूद भुगतान किए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों ने कुछ बिलों के फर्जी होने की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।

RTI की जानकारी नहीं देने का आरोप
युवाओं ने पंचायत में सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत विकास कार्यों और भुगतान से जुड़ी जानकारी मांगी थी, लेकिन लंबे समय बाद भी उन्हें जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। आरोप है कि जानकारी मांगने पर सरपंच द्वारा युवाओं के साथ मारपीट और दबंगई की गई।

अधिकारी बोले- पंचायत में कुछ अनियमितताएं हैं
मामले को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की। प्रभारी खंड पंचायत अधिकारी एलएस अजनार ने कहा कि संबंधित पंचायत में कुछ अनियमितताएं जरूर हैं। कुछ कार्य पूरे भी किए जा चुके हैं। अधिकारियों की टीम पंचनामा बनाने गई थी, लेकिन उस दिन विवाद की स्थिति बनने के कारण आगे की कार्रवाई रुक गई। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share