झाबुआ में कुएं के पास रोता हुआ मिला नवजात शिशु: चारा लेने गए ग्रामीण ने देखा था; TI ने अस्पताल पहुंचाया

झाबुआ। रायपुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम देवली में कुएं के पास लावारिस हालत में एक नवजात शिशु रोता हुआ मिला। ग्रामीण की नजर पड़ने और पुलिस को समय पर सूचना मिलने से बच्चे को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार नवजात लड़का है और उसकी हालत फिलहाल थी है।
चारा लेने गए ग्रामीण ने सुनी रोने की आवाज
देवली निवासी श्रवण तेजा पशुओं के लिए चारा लेने भूरीघाटी रोड की ओर गए थे। इसी दौरान उन्हें रमेश भागीरथ के कुएं के पास से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने तुरंत कुएं के मालिक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्राम सरपंच प्रतिनिधि नंदू भाभर को सूचना दी गई। उन्होंने रायपुरिया पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही रायपुरिया थाना प्रभारी गीता जाटव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने नवजात को अपनी अभिरक्षा में लिया और पुलिस वाहन से तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे की जांच की। नवजात लड़का है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है। बेहतर इलाज और निगरानी के लिए उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया जा रहा है।

बच्चे को छोड़ने वाले की तलाश
रायपुरिया थाना प्रभारी गीता जाटव ने बताया कि बच्चे को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर है। पुलिस अब नवजात को लावारिस हालत में छोड़ने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है। मामले में जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना की अन्य तस्वीरें…


