रीवा में बेलन नदी का जलस्तर बढ़ा, डीह पुल डूबा: 12 गांवों का संपर्क टूटा, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

रीवा। लगातार बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने के बाद बेलन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। डीह पुल के ऊपर से खतरे के निशान को पार कर पानी बह रहा है, जिससे करीब 12 गांवों का संपर्क एक बार फिर टूट गया है।
चाकघाट स्थित शंकरघाट मंदिर के गर्भगृह तक भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे और प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है।
बांधों से पानी छोड़े जाने के बाद बढ़ा जलस्तर
रीवा के बाकिया बैराज के साथ उत्तर प्रदेश के मेजा और अदवा डैम से पानी छोड़े जाने के बाद बेलन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन की टीमें नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं।
डीह, कैथा, गंथा, बजरा, सोनौरी कटरा, बसहट और कठौली सहित आसपास के गांवों में फिलहाल बाढ़ की स्थिति नहीं है। हालांकि नदी का जलस्तर और बढ़ने पर इन इलाकों में भी खतरा पैदा हो सकता है।

नैना नदी का जलस्तर भी बढ़ा
बेलन नदी के साथ नैना नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है। रेरूआ और गाड़रपुर्वा क्षेत्र में प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मुनादी कर ग्रामीणों को किया जा रहा अलर्ट
प्रशासन की ओर से नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं।

SDM बोले- स्थिति पर नजर
SDM त्योंथर राकेश चौरसिया ने बताया कि बेलन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है। प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों को लगातार अलर्ट किया जा रहा है। मुनादी के जरिए लोगों को नदी किनारे नहीं जाने और सुरक्षित रहने की समझाइश दी जा रही है।