जानिए लोगों को हंसाने में कामयाब हुई या नहीं कॉमेडी फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’, ग्वालियर के कलाकारों ने भी निभाई अहम भूमिका
शादी, परिवार और हास्य से भरपूर हिंदी फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ शुक्रवार को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। मध्यप्रदेश के लिए यह फिल्म ज्यादा खास इसलिए है क्योंकि इसके निर्देशन और निर्माण से जुड़े कई कलाकारों का संबंध ग्वालियर की रंगमंचीय संस्था कला समूह (रंग श्री लिटिल बैले ट्रूप) से रहा है।
प्रियदर्शन के साथ काम कर चुके आकाशादित्य ने बनाई फिल्म
फिल्म का निर्देशन आकाशादित्य लामा ने किया है, जबकि लंबे समय से अभिनय और मंच संचालन से जुड़े अमितेश शर्मा ने सह-निर्देशक की जिम्मेदारी निभाई है। फिल्म में वरिष्ठ अभिनेता पियूष मिश्रा, महेश मांजरेकर, खुशाली कुमार, स्नेहिल दीक्षित मेहरा, ओंकार कपूर, अगू स्टेनली चिएदोजी, बी.सी. आंटी और लारिसा बोन्सी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह है कहानी
फिल्म की कहानी एक ऐसी युवती के आस-पास घूमती है, जिसकी तय समय में शादी कराने की चुनौती पूरे परिवार के सामने खड़ी हो जाती है। सही दूल्हे की तलाश, रिश्तेदारों की सलाह, पारिवारिक नोकझोंक और शादी की तैयारियों के बीच पैदा होने वाली हास्यपूर्ण परिस्थितियां फिल्म को मनोरंजक बनाती हैं। फिल्म का ट्रेलर पारंपरिक भारतीय शादी के माहौल, पारिवारिक रिश्तों और हल्के-फुल्के हास्य की झलक पेश करता है। कहानी केवल दूल्हा-दुल्हन तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे परिवार की भागीदारी इसे और दिलचस्प बनाती है।
हर शादी अपने साथ कुछ न कुछ ड्रामा लेकर आती है
निर्देशक आकाशादित्य लाम का कहना है कि हर शादी अपने साथ कुछ न कुछ ड्रामा लेकर आती है, लेकिन इस फिल्म में असली ड्रामा फेरों से पहले ही शुरू हो जाता है। उनके अनुसार फिल्म दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ भावनात्मक रूप से भी जोड़ने का प्रयास करती है।
वही मुख्य अभिनेत्री खुशाली कुमार ने अपने किरदार को अब तक के करियर का सबसे मनोरंजक रोल बताया है। उनका कहना है कि ट्रेलर में कहानी की सिर्फ एक झलक दिखाई गई है, जबकि पूरी फिल्म में दर्शकों को इससे कहीं अधिक मनोरंजन मिलेगा।
फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी सादगी और पारिवारिक भावनाएं
वरिष्ठ अभिनेता महेश मांजरेकर का मानना है कि फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी सादगी और पारिवारिक भावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म परिस्थितियों और किरदारों के माध्यम से स्वाभाविक हास्य प्रस्तुत करती है। अपनी दमदार संवाद अदायगी के लिए पहचाने जाने वाले पियूष मिश्रा भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स अगू स्टेनली चिएदोजी और बी.सी. आंटी की कॉमिक टाइमिंग भी फिल्म में मनोरंजन का तड़का लगा रही है।
अभिनेत्री लारिसा बोन्सी ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का ट्रेलर साझा करते हुए दर्शकों से फिल्म देखने की अपील की है। उन्होंने इसे शादी, परिवार और मनोरंजन का शानदार पैकेज बताया है।