|

अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन 2026 से कुशीनगर से गूंजा विश्व शांति का संदेश

कुशीनगर स्थित भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली से विश्व शांति का संदेश देने वाला अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन 2026 मंगलवार से शुरू हो गया। यह तीन दिवसीय सम्मेलन 31 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश से बौद्ध भिक्षु, विद्वान, नीति-निर्माता और युवा भाग ले रहे हैं।

सम्मेलन का शुभारंभ महापरिनिर्वाण मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इस दौरान ‘बुद्धा लाइफ गैलरी’ का उद्घाटन भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ की, जबकि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इसे वैश्विक शांति और सहअस्तित्व के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक संघर्ष और अस्थिरता के दौर में भगवान गौतम बुद्ध के करुणा, अहिंसा और शांति के संदेश मानवता को नई दिशा दे सकते हैं।

सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में ‘धम्म, संवाद और विकास’, ‘भिक्षुओं के दृष्टिकोण से बौद्ध धर्म’ और ‘बौद्ध-जैन समागम’ जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई। इसमें दक्षिण कोरिया, लाओस, जापान और भारत के विशेषज्ञों ने भाग लेकर बौद्ध मूल्यों की वैश्विक प्रासंगिकता पर अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर आरआईएस के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंकज वशिष्ठ ने बौद्ध दर्शन की आधुनिक समय में उपयोगिता पर प्रकाश डाला, जबकि अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने उत्तर प्रदेश के बौद्ध पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक विरासत की जानकारी दी।

सम्मेलन के दौरान छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।

आगामी सत्रों में ‘विकसित कुशीनगर 2047’, ‘निवेश के अवसर’, ‘बौद्ध धर्म और अंतरराज्यीय समन्वय’ जैसे विषयों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम के समापन पर प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर की प्रस्तुति भी आयोजित की जाएगी।

अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि उत्तर प्रदेश का बौद्ध सर्किट तेजी से वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर उभर रहा है। कुशीनगर, सारनाथ, श्रावस्ती, संकिसा, कपिलवस्तु और कौशांबी जैसे स्थल दुनियाभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं।

सम्मेलन का उद्देश्य न केवल बौद्ध धर्म के सिद्धांतों को बढ़ावा देना है, बल्कि वैश्विक स्तर पर शांति, संवाद और सतत विकास के लिए एक साझा मंच तैयार करना भी है।

Share

Similar Posts