| | |

इंदौर में वंदे मातरम के अपमान के विरोध में भाजपा का कैंडल मार्च: सभी वरिष्ठ नेता हुए शामिल; कहा- देशद्रोही मानसिकता को सबक सिखाना होगा

इंदौर। वंदे मातरम का अपमान करने के विरोध में भाजपा नेताओं ने गांधी हॉल से रीगल तक कैंडल मार्च निकाला। मार्च में मप्र प्रभारी महेंद्र सिंह, कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, सांसद शंकर लालवानी, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, उषा ठाकुर, पूर्व विधायक जीतू जिराती और आकाश विजयवर्गीय शामिल हुए।

लाखों सपूतों ने वंदे मातरम गाते-गाते कुर्बानी दी
मप्र प्रभारी महेंद्र सिंह ने कहा कि लाखों सपूतों ने वंदे मातरम गाते-गाते भारत माता की आजादी के लिए कुर्बानी दी। उस आजादी के मंत्र को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 150 वर्ष पूरे होने पर पूरे भारत में पूरा वंदे मातरम गाने का प्रावधान किया है। वंदे मातरम भारत की आजादी का मूलमंत्र है। अब वंदे मातरम भारत में ही नहीं, दुनिया भर में गाया जा रहा है। स्लोवाकिया में वंदे मातरम गाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अगवानी एवं स्वागत किया गया।

पूरा विश्व वंदे मातरम गा रहा है
उन्होंने कहा कि पूरा विश्व वंदे मातरम गा रहा है, पूरा भारत वंदे मातरम गा रहा है, लेकिन कुछ देश विरोधी ताकतें ऐसी हैं, जिन्हें वंदे मातरम गाना पसंद नहीं है और भारत माता की वंदना पसंद नहीं है। 15 अगस्त को जब पूरा देश आजादी का पर्व मना रहा था, वंदे मातरम गा रहा था और भारत माता की वंदना कर रहा था, तब देश की एक पार्टी के लोग वंदे मातरम गीत का अपमान करने का काम कर रहे थे। पूरा भारत आक्रोशित है और आज देशभर में युवा इसके विरोध में कैंडल मार्च निकाल रहे हैं। अगर भारत में रहकर वंदे मातरम नहीं गाओगे, यहां तो वंदे मातरम ही गाया जाएगा।

देशद्रोही मानसिकता को सबक सिखाना होगा
विधायक उषा ठाकुर ने कहा कि इस वंदे मातरम के लिए क्रांतिकारियों ने अपना तन-मन, धन और संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। कांग्रेस की तुष्टीकरण की मानसिकता के चलते वंदे मातरम का गान भी पूरा नहीं गाया जाता था। ऐसी देशद्रोही मानसिकता को सबक सिखाना होगा।

वंदे मातरम राष्ट्र की आत्मा का स्वर
प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आलोक दुबे ने कहा कि वंदे मातरम राष्ट्र की आत्मा का स्वर है। कांग्रेस न सिर्फ भारत की आत्मा का विरोध कर रही है, बल्कि 140 करोड़ हिंदुस्तानियों का अपमान कर रही है।

वंदे मातरम देश की जनचेतना का राग
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि वंदे मातरम देश की जनचेतना का राग है और हर हिंदुस्तानी की रग-रग में बसा गान है। कांग्रेस के नेताओं ने वंदे मातरम का अपमान कर देश की राष्ट्र चेतना के मंत्र का अपमान किया है।

हिंदुस्तानी वंदे मातरम गायेगा- कांग्रेस को सबक सिखाएगा
कैंडल मार्च में महिलाओं ने हाथों में ‘वंदे मातरम का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’, ‘भारत की आत्मा का गान वंदे मातरम’, ‘वंदे मातरम गाते हुए क्रांतिवीरों ने दी जान- सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे कर रहे शहीदों का अपमान’, ‘हर हिंदुस्तानी वंदे मातरम गायेगा- कांग्रेस को सबक सिखाएगा’ जैसे नारे लिखी तख्तियां लेकर मार्च किया। विरोध स्वरूप कार्यकर्ता हाथों में काली पट्टी बांधकर और तिरंगा लेकर चल रहे थे।

Share