बंसल वन के रेस्टोरेंट में मिली एक्सपायर कोल्ड ड्रिंक: वेज-नॉनवेज एक साथ रखा; भोपाल नगर निगम की टीम ने लगाया जुर्माना

भोपाल। बंसल वन मॉल के रेस्टोरेंट और बार में शुक्रवार को म्युनिसिपल मोबाइल कोर्ट ने अचानक जांच की। टीम ने किचन की जांच की तो एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक मिली। फ्रिज में वेज और नॉनवेज खाना भी एक साथ रखा था। किचन में गंदगी मिलने पर स्टाफ को फटकार लगाई गई।
30 से ज्यादा गाड़ियों के साथ पहुंची टीम
मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी तरुणेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम बंसल वन पहुंची। नगर निगम के अधिकारी, जोन और वार्ड प्रभारी भी कार्रवाई में शामिल रहे। 30 से ज्यादा गाड़ियों के साथ टीम के पहुंचने पर रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया।

किचन में जाकर जांच की
मजिस्ट्रेट ने रेस्टोरेंट और बार के किचन में जाकर खाने की गुणवत्ता और रख-रखाव देखा। टीम ने खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़े नियमों की जांच की। जांच के दौरान एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक मिली। फ्रिज में वेज और नॉनवेज खाना एक साथ रखा हुआ था। किचन में गंदगी भी मिली।
सैंपल लिए, मौके पर जुर्माना
टीम ने भोजन और कोल्ड ड्रिंक के सैंपल लिए। नियमों में गड़बड़ी मिलने पर मौके पर जुर्माने की कार्रवाई की गई। नगर निगम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 और मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम के तहत व्यवस्थाओं की जांच की।