हाईकोर्ट के स्टे के बाद भी बन रहे थे मकान: इंदौर नगर निगम ने भागीरथपुरा में निर्माण सामग्री जब्त की; 40 मकानों का निर्माण जारी

इंदौर। जोन क्रमांक 4 के वार्ड 11 स्थित भागीरथपुरा क्षेत्र में अवैध कॉलोनी में चल रहे निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने शुक्रवार को कार्रवाई की। बिल्डिंग परमिशन अधिकारी निगम अमले के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माणाधीन मकानों की जांच की। अधिकारियों के अनुसार प्रकरण में हाईकोर्ट से स्थगन आदेश होने के बावजूद कुछ रहवासियों द्वारा नए निर्माण किए जा रहे थे।
समझाइश के बाद भी निर्माण जारी रहा
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि रहवासियों को कई बार समझाइश देकर निर्माण कार्य रोकने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद निर्माण जारी रहने पर निगम की टीम ने कार्रवाई की। मौके से रेती, गिट्टी, ईंट, सीमेंट सहित अन्य बिल्डिंग मटेरियल जब्त किया गया।

40 मकान निर्माणाधीन
अधिकारियों के अनुसार भागीरथपुरा क्षेत्र में करीब 40 मकान निर्माणाधीन हैं। कार्रवाई के दौरान गोवर्धन, नेमीचंद, राजेश, गोलू, हिरीबाई, मांगीलाल, अर्जुन और अरुणा से संबंधित निर्माण सामग्री जब्त की गई। ऐसी निर्माण सामग्री, जिसे मौके से हटाना संभव नहीं था, उसे निगम अमले ने नष्ट भी किया।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद किए जा रहे नवीन निर्माण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।