| | | | | |

जाम गेट के पास कॉलेज स्टूडेंट्स से भरी बस हुई अनियंत्रित: पत्थर से टकराई; खाई में गिरने से बची

इंदौर। जाम गेट के पास कॉलेज स्टूडेंट्स से भरी बस का ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हो गई। बस रेलिंग तोड़ते हुए खाई की ओर बढ़ी। गनीमत रही कि बस पत्थर से टकरा गई और खाई में गिरने से बच गई। घटना मंडलेश्वर थाना क्षेत्र की है। सभी स्टूडेंट्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

बस में बैठे सभी स्टूडेंट महाराष्ट्र के हैं। वह इंदौर से जाम गेट होते हुए महेश्वर घूमने जा रहे थे। जाम गेट के घुमावदार रास्ते पर अचानक बस का ब्रेक फैल हुआ तो ड्राइवर नियंत्रित नहीं कर सका। बस सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए खाई की ओर बढ़ी और एक हिस्से में खाई के ऊपर लटक गई।

हादसे के बाद राहगीरों ने कॉलेज स्टूडेंट्स को बचाने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। बस में सवार कॉलेज स्टूडेंट्स को बाहर निकाला गया।

पहले एक्सीडेंट के दौरान की देखें तस्वीरें…



इमरजेंसी गेट से एक-एक कर निकाला
बस के खाई में गिरने का खतरा देखते हुए राहगीरों ने रेस्क्यू शुरू किया। कॉलेज स्टूडेंट्स को इमरजेंसी गेट के जरिए एक-एक कर बाहर निकाला। बताया गया कि बस में 55 कॉलेज स्टूडेंट्स सवार थे। सभी सुरक्षित हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बस से बाहर निकलने के बाद सभी को निजी वाहन की मदद से महेश्वर पहुंचाया गया।

पुलिस की डायल-112 भी पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही मंडलेश्वर टीआई पंकज तिवारी मौके पर पहुंचे। डायल-112 की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। राहत कार्य में सहयोग किया। पुलिस ने कॉलेज स्टूडेंट्स को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था कराई।

राहगीरों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
जामघाट का यह मार्ग घुमावदार और खाई वाले हिस्सों के कारण संवेदनशील माना जाता है। बस के रेलिंग तोड़कर खाई की ओर बढ़ने के बाद यदि वह कुछ और आगे चली जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Share