| |

इंदौर के नए संभागयुक्त बने भास्कर लाक्षाकार, अपर कलेक्टर और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रहण किया पदभार

भास्कर लाक्षाकार ने आज इंदौर के नए संभागायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले यह जिम्मेदारी डॉ. सुदाम खेड़े संभाल रहे थे। लाक्षाकार ने इंदौर संभागायुक्त कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला।

 

 

पूर्व संभागयुक्त ने दी शुभकामनाएं
पदभार ग्रहण के अवसर पर पूर्व संभागायुक्त डॉ. सुदाम खेड़े ने नवनियुक्त संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार को शुभकामनाएं दीं और उन्हें नए दायित्व के लिए बधाई दी। उन्होंने बेहतर कार्यकाल की कामना करते हुए उन्हें शुभेच्छाएं प्रेषित कीं।

 

 

अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे
इस दौरान संभाग कार्यालय के अपर कलेक्टर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने लाक्षाकार का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया और इंदौर संभाग के लिए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

चुनौतियां आएंगी, लेकिन उन्हें अवसर में बदलकर काम करेंगे

मीडिया से चर्चा करते हुए संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने भावुक होकर कहा सबसे पहले मैं शासन का धन्यवाद करता हूं कि मुझे लोक कल्याणी माँ अहिल्या की इस पावन नगरी इंदौर में सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने पूर्व संभागायुक्त डॉ. सुदाम खेड़े के साथ अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा मेरे लिए यह और भी गर्व की बात है कि डॉ. सुदामा खेड़े मेरे कलेक्टर रह चुके हैं जब मैं प्रोबेशनर था। उनका मार्गदर्शन हमेशा मेरे लिए प्रेरणा रहा है आगे की प्राथमिकताओं पर उन्होंने कहा, शासन की जो प्राथमिकताएं हैं, जनकल्याण की जो योजनाएं हैं वही हमारी प्राथमिकता रहेंगी। इंदौर संभाग का वर्क कल्चर पहले से ही बहुत अच्छा है और राष्ट्रीय स्तर पर एक मापदंड स्थापित करता है। हमारी कोशिश रहेगी कि अधिकारियों के साथ समन्वय, पारदर्शिता और टीमवर्क के साथ उस मापदंड को और बेहतर किया जाए। चुनौतियां आएंगी, लेकिन उन्हें अवसर में बदलकर काम करेंगे। फिलहाल मेरी प्राथमिकता चार्ज लेकर सभी व्यवस्थाओं को समझना और फील्ड का भ्रमण करना है।

यहां मुझे 11 साल का प्यार और सम्मान मिला

डॉ. सुदाम खेड़े ने कहा मैं इंदौर के सभी नागरिकों और मीडिया बंधुओं का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मेरा कार्यकाल लगभग 11 महीने का रहा, लेकिन यहां मुझे 11 साल का प्यार और सम्मान मिला उन्होंने अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा संभाग बहुत बड़ा है शहर और जिलों में विकास के अनेक काम हुए। हमने कोशिश की कि हर काम को योजनाबद्ध और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए नवनियुक्त संभागायुक्त के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा भास्कर लाक्षाकार बहुत गंभीर, मेहनती और नवाचारधर्मी अधिकारी हैं मुझे पूरा विश्वास है कि वे शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को नई गति देंगे और इंदौर संभाग को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

 

Share