इंदौर झांकी चल समारोह की तैयारियां तेज: पुलिस-प्रशासन ने मार्ग का निरीक्षण किया; CCTV से होगी निगरानी

इंदौर। अनंत चतुर्थी पर निकलने वाले भव्य झांकी चल समारोह को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त ने झांकी मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
झांकी चल समारोह जीआरपी लाइन चौराहे से शुरू होकर राजवाड़ा सहित प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगा। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि समारोह को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय के साथ तैयारियां की जा रही हैं।
इस दौरान मार्ग पर मंच, बैरिकेडिंग, विद्युत व्यवस्था और अन्य अवरोधों की समीक्षा की गई। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने बताया कि झांकियों और श्रद्धालुओं के आवागमन के साथ-साथ इमरजेंसी सेवाओं के लिए सड़क का पर्याप्त हिस्सा खुला रखना प्राथमिकता है।
आपातकालीन वाहनों के आने जाने में मुश्किल ना हो
मंचों और अन्य अस्थायी व्यवस्थाओं को इस तरह व्यवस्थित किया जाएगा, जिससे पूरे मार्ग पर यातायात और आपातकालीन वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो। चल समारोह के दौरान कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी। झांकी आयोजकों से भी लगातार चर्चा कर झांकियों के आकार और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर समन्वय किया जा रहा है।
इमरजेंसी एग्जिट भी बनाया जाएगा
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि ऐतिहासिक और पारंपरिक झांकी चल समारोह में किसी तरह का व्यवधान डालने वाले आपराधिक और असामाजिक तत्वों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस तकनीक और सर्विलांस के माध्यम से ऐसे लोगों की पहचान कर निगरानी रखेगी। साथ ही इमरजेंसी एग्जिट और अन्य सुरक्षा इंतजाम भी सुनिश्चित किए जाएंगे।
सुगमता से आयोजन करने के प्रयास
पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने कहा कि हमारा प्रयास है कि अनंत चतुर्थी का झांकी चल समारोह सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम तरीके से संपन्न हो। इसके लिए पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और झांकी आयोजक लगातार प्रयास कर रहे है।