| | |

इंदौर के होलकर साइंस कॉलेज में नशामुक्ति अभियान: 400 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा; NSS ने नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश

इंदौर। जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग द्वारा नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी के तहत मंगलवार को होलकर साइंस कॉलेज में जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में होलकर साइंस कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अनामिका जैन की उपस्थित रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी रहे।

विद्यार्थियों को दिया जागरूकता संदेश
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के विभिन्न स्वरूपों एवं इसके व्यक्तिगत, पारिवारिक तथा सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति हैं और नशे की आदत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य एवं भविष्य को प्रभावित करती है, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है।

गलत संगति से सावधान रहने की सलाह दी
उन्होंने विद्यार्थियों को नशे की शुरुआत के पीछे काम करने वाले कारणों, साथियों के दबाव (Peer Pressure), जिज्ञासा एवं गलत संगति जैसी परिस्थितियों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के नशे को फैशन या मनोरंजन के रूप में स्वीकार करना भविष्य में गंभीर समस्या का कारण बन सकता है।

लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया
अभिषेक ने विद्यार्थियों से अपने कैरियर, शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए विद्यार्थियों, परिवार, शैक्षणिक संस्थानों एवं समाज की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।

नशे से दूरी बेहतर भविष्य की ओर पहला कदम
उन्होंने विद्यार्थियों को यह संदेश भी दिया कि नशे से दूरी ही बेहतर भविष्य की ओर पहला कदम है तथा युवा स्वयं नशे से दूर रहकर अपने साथियों और समाज के लिए सकारात्मक उदाहरण बन सकते हैं।

NSS द्वारा नुक्कड़ नाटक
सेमिनार के दौरान NSS के विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्ति पर आधारित प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से नशे की शुरुआत, उसके बढ़ते दुष्प्रभावों तथा परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक को उपस्थित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक देखा और सराहा।

300–400 स्टूडेंट्स शामिल हुए
सेमिनार में लगभग 300–400 स्टूडेंट्स शामिल हुए। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास भी नशा मुक्ति का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सी.के. साहू, मनोज अग्रवाल, कमलेश सोलंकी एवं राघवेंद्र कुशवाहा तथा आबकारी उप निरीक्षक त्रियंबिका शर्मा,आशीष जैन एवं सुनील मालवीय उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को पार्टिसीपेशन सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।

Share