इंदौर एयरपोर्ट पर हुई मॉक ड्रिल: स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा के इंतजाम; कई सुरक्षा एजेंसियां रहीं शामिल

इंदौर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर इंदौर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने गुरुवार को एयरपोर्ट पर हाई-लेवल एंटी टेरर मॉक ड्रिल कर सुरक्षा तैयारियों का रियल टाइम टेस्ट किया। इसमें CISF, BSF और इंदौर पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।

मॉक ड्रिल के दौरान एयरपोर्ट पर संदिग्ध घुसपैठ और आतंकी खतरे की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और यह परखा कि किसी वास्तविक आपात स्थिति में टीमों का रिस्पॉन्स टाइम कितना रहेगा।

QRT, BDDS, फायर और मेडिकल टीम ने संभाला मोर्चा
मॉक ड्रिल में QRT, BDDS, अग्निशमन और मेडिकल टीमों को भी शामिल किया गया। सभी टीमों ने अपनी निर्धारित भूमिका के अनुसार कार्रवाई की। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय, सूचना के आदान-प्रदान और त्वरित रिस्पॉन्स की भी जांच की गई।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर एयरपोर्ट के साथ ही शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह के खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।

“15 अगस्त को देखते हुए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा लगातार मॉक ड्रिल की जा रही है। इससे पहले सी-21 मॉल और टीआई मॉल में मॉक ड्रिल की गई थी। कल शाम एयरपोर्ट पर एंटी-टेरर मॉक ड्रिल की गई, जिसमें सीआईएसएफ की क्यूआरटी, बीएसएफ, इंदौर पुलिस की बीडीडीएस टीम, एम्बुलेंस, मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड ने हिस्सा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।”- एडिशनल DCP राजेश दंडोतिया