सिंगरौली में ब्लास्टिंग के धमाके से गिरी बाउंड्रीवॉल: NCL में किया गया था ब्लास्ट; दुकानदार ने थाने में शिकायत कर जांच की मांग की

सिंगरौली। मोरवा में NCL की ब्लास्टिंग को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। वार्ड-4 स्थित लक्ष्मी एंटरप्राइजेज की बाउंड्रीवॉल ब्लास्टिंग के दौरान गिर गई। घटना में किसी को कोइ हानी होने की सूचना नहीं मिली है। वहीं प्रतिष्ठान संचालक अभिषेक अग्रवाल को आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने रविवार को मोरवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
रोजाना ब्लास्टिंग से क्षेत्र में कंपन का आरोप
अभिषेक अग्रवाल ने शिकायत में आरोप लगाया है कि इलाके में रोजाना होने वाली ब्लास्टिंग से पूरा क्षेत्र तेज कंपन से हिल जाता है। उनका कहना है कि इसी ब्लास्टिंग के दौरान उनके प्रतिष्ठान की बाउंड्रीवॉल गिर गई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और आर्थिक क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने भी जताई चिंता
स्थानीय निवासियों के अनुसार, मोरवा क्षेत्र में ब्लास्टिंग के कारण पहले भी कई मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त होने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास ब्लास्टिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
रहवासियों ने प्रशासन और NCL प्रबंधन से ब्लास्टिंग की तीव्रता नियंत्रित करने तथा आबादी वाले इलाकों में पर्याप्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की अपील की है। अब पुलिस शिकायत के बाद मामले की जांच में यह स्पष्ट होगा कि बाउंड्रीवॉल गिरने के पीछे ब्लास्टिंग की भूमिका कितनी है।