अटल जी का जीवन देश के लिए समर्पित रहा: सीएम मोहन यादव ने पुण्यतिथि पर किया नमन; बोले- मोदी उनके सपनों को साकार कर रहे

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनको याद किया। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन आजादी के पहले से लेकर आजादी के बाद तक देश के लिए समर्पित रहा। विपक्ष के नेता से लेकर प्रधानमंत्री तक उनकी भूमिका ऐसी रही, जिसे न भूतों न भविष्यति कहा जा सकता है।
हिंदी में संबोधन कर राष्ट्रभाषा को गौरवान्वित किया
सीएम ने कहा कि बांग्लादेश मुक्ति के समय अटल जी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का साथ दिया। संयुक्त राष्ट्र संघ में बोलने का अवसर मिला तो उन्होंने हिंदी में संबोधन कर राष्ट्रभाषा को गौरवान्वित किया। देश को परमाणु शक्ति बनाने के लिए भी अटल जी के युग को हमेशा याद किया जाएगा।
अटल जी के कार्यकाल कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं
उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान जब पाकिस्तान ने पीठ पर वार किया, तब अटल जी के नेतृत्व में देश ने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया। स्वर्णिम चतुर्भुज योजना से लेकर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तक, अटल जी के कार्यकाल में देश को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं।
दुनिया अटल जी के योगदान को कभी नहीं भूल पाएगी
डॉ. यादव ने कहा कि पूरा देश और दुनिया अटल जी के योगदान को कभी नहीं भूल पाएगी। करीब 50 साल तक विपक्ष की भूमिका में रहने के बावजूद वे अपने विचारों और सिद्धांतों पर अडिग रहे। हमारे दल से पहली बार कोई नेता तीन बार प्रधानमंत्री बना तो वह अटल जी थे। उन्होंने 24 दलों के साथ सरकार चलाकर गठबंधन राजनीति का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
प्रधानमंत्री अटल जी के सपनों को लेकर आगे बढ़ रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल जी के सपनों को लेकर आगे बढ़ रहे हैं और उनके सपने साकार हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आज देश की करीब 80 प्रतिशत भूमि पर भाजपा की सरकार है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आने वाले समय में विपक्ष का हाल और भी खराब होने वाला है।