चित्रकूट में मंदाकिनी उफान पर: रामघाट की सभी सीढ़ियां डूबीं, दुकानों में घुसा पानी; प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

चित्रकूट। सतना के तराई क्षेत्र और उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार सुबह तक चित्रकूट के रामघाट की सभी सीढ़ियां पानी में डूब गईं।
नदी का पानी अब घाट किनारे बनी दुकानों में भी घुसने लगा है। इसके चलते दुकानदारों ने अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। मंदाकिनी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
रामघाट के आसपास की दुकानों को खाली कर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और लोगों को नदी व घाट के पास जाने से रोका जा रहा है।
रामघाट में SDRF तैनात
प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रामघाट में SDRF की टीम तैनात कर दी है। मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश प्रशासन नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों के मुताबिक, बारिश का दौर जारी रहने पर मंदाकिनी का जलस्तर और बढ़ सकता है।
सतना में भी सुबह से बारिश का दौर
इधर सतना जिले में सोमवार सुबह से सावन की झड़ी लगी हुई है। जिला मुख्यालय में रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में रिमझिम बारिश जारी है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और मौसम में ठंडक घुल गई है।
अगले 24 घंटे बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में जिले के कुछ हिस्सों में तेज तो कहीं मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
16 दिनों में करीब 4 इंच बारिश
सावन के 16 दिनों में सतना जिले में करीब 4 इंच बारिश दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से सतना समेत पूरे रीवा संभाग में एक बार फिर अच्छी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।