आलीराजपुर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई: 993 चालान काटे; 4.55 लाख रुपए का जुर्माना वसूला

आलीराजपुर। जिले में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने पिछले 15 दिनों में सख्त कार्रवाई की। यातायात पुलिस और थाना क्षेत्रों की पुलिस ने संयुक्त रूप से 993 चालान बनाए और 4 लाख 55 हजार 500 रुपए का समन शुल्क वसूला।

बिना नंबर के वाहनों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
पुलिस की कार्रवाई में बिना नंबर के वाहन चलाने वाले सबसे ज्यादा पकड़े गए। ऐसे वाहनों के 393 चालान बनाए गए और 1 लाख 96 हजार 500 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के 132 चालान बनाकर 39 हजार 600 रुपए वसूले गए।
ओवरलोड यात्री वाहनों पर भी सख्ती
यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर पुलिस ने 143 चालान बनाए। इनसे 31 हजार 400 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा तूफान वाहनों पर लगे कैरियर भी जब्त किए गए।
चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया गया। सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 68 चालान बनाए गए और 34 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कोर्ट में कार्रवाई
शराब के नशे में वाहन चलाते मिले दो चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों चालकों पर 15-15 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।

हाट बाजारों में भी चलाया जागरूकता अभियान
कार्रवाई के साथ पुलिस ने हाट बाजारों में पीए सिस्टम के जरिए लोगों को यातायात नियमों और सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक किया। लोगों से सुरक्षित वाहन चलाने और नियमों का पालन करने की अपील की गई।

अधूरे दस्तावेज पूरे कराने की अपील
यातायात थाना प्रभारी रक्षित निरीक्षक अर्जुनसिंह वास्केल ने वाहन चालकों से वाहनों के अधूरे दस्तावेज पूरे कराने और दस्तावेज अपने साथ या डिजिटल माध्यम में रखने की अपील की। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की बात कही। साथ ही तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी से बचने की अपील की।