मैहर में नदी पार करते हुए बहे तीन बच्चें: बाइक से बहन के घर जन्मदिन मे जा रहे थे; एक बच्चें का शव बरामद

मैहर। जिले के अमरपाटन तहसील के नादन देहात थाना क्षेत्र में नदी पार करते समय दो सगे भाइयों समेत तीन लोग तेज बहाव में बह गए। SDRF और NDRF की संयुक्त टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान टीम ने 5 वर्षीय सार्थक कुशवाहा का शव बरामद कर लिया है।
जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10 बजे तीनों बाइक से बहन के घर जन्मदिन समारोह में शामिल होने तेंदुहटी जा रहे थे। इसी दौरान जुड़ा गांव के पास नदी पार करते समय अचानक पानी का तेज बहाव आया। हादसे में भड़री, अमरपाटन निवासी विराज कुशवाहा (7), सार्थक कुशवाहा (5) और उनके मामा अंकुल कुशवाहा(19) नदी में बह गए।

नदी किनारे मिली मोटरसाइकिल
हादसे के बाद उनकी मोटरसाइकिल नदी किनारे रपटे के पास फंसी मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया।

तेज बहाव के बीच सर्च ऑपरेशन
नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण SDRF और NDRF की टीमों को सर्च ऑपरेशन के दौरान काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है। रेस्क्यू टीम नदी और आसपास के क्षेत्र में लगातार लापता दोनों लोगों की तलाश कर रही है।