भोपाल में नकली नगर निगम अधिकारी बनकर ठगी: न्यू मार्केट में 10 दुकानदारों से की धोखाधड़ी; आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। न्यू मार्केट में खुद को नगर निगम का अधिकारी बताकर दुकानदारों से ठगी करने वाले आरोपी को टीटी नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनिल मिश्रा के रूप में हुई है।
वह मास्क पहनकर दुकानों पर जाता था। फिर नगर निगम अधिकारी होने का झांसा देकर सामान खरीदता था। आरोपी दुकानदार से सामान लेने के बाद ऑनलाइन पेमेंट करने की बात कहता था। इसके बाद भुगतान नहीं होने का बहाना बनाकर दुकान के कर्मचारी को अपने साथ ले जाता था। रास्ते में सुनसान जगह देखकर कर्मचारी को वाहन से उतार देता और सामान लेकर फरार हो जाता था।
10 दुकानदारों से की ठगी
न्यू मार्केट के 10 दुकानदारों के साथ इसी तरह की ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपी की पहचान होने के बाद कुछ दुकानदारों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
अनिल मिश्रा को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की
टीटी नगर पुलिस ने आरोपी अनिल मिश्रा को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अन्य थानों में भी मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने भोपाल में इस तरह की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।