रीवा में डिलीवरी बैग में मिला युवक का शव: लूट के बाद हत्या की आशंका; CCTV से आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस

रीवा। सोहागी पहाड़ में डिलीवरी बैग के अंदर एक युवक का शव मिल है। शव सड़क किनारे पहाड़ के पास डंप किया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में लूट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी सबसे पहले वहां खेल रहे बच्चों ने दी। बच्चों ने बताया की सड़क किनारे एक बैग है जिसमें से बहुत बदबू आ रही है। जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक की टीम घटनास्थल पर पहुंची। जब बैग खोला तो उसमें युवक का शव मिला।
3-4 दिन पहले हुई है घटना
पुलिस ने बताया कि युवक की उम्र 25-35 वर्ष है। शव काफी खराब हो चुका है जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह 3-4 दिन पुराना है। आरोपी की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी देखे जा रहे है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या कहां की गई। शव को सोहागी पहाड़ तक कौन लेकर आया।
गुमशुदा लोगों की जानकारी जुटा रही पुलिस
उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे क्षेत्र में शव मिलने के कारण पुलिस आसपास के जिलों और उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में भी युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस गुमशुदा लोगों की जानकारी भी जुटा रही है। शव की पहचान होने के बाद ही घटना की पूरी जानकारी मिलने की उम्मीद है।
शव की पहचान नहीं हुई
थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि सोहागी पहाड़ में डिलीवरी बैग के अंदर एक अज्ञात युवक का शव मिला है। शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौत के कारण और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चलेगा।