| |

इंदौर में दूषित पानी से एक और मरीज की मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर 31

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से फैली बीमारी के कारण शुक्रवार को एक और मरीज की मौत हो गई। इसके साथ ही इस मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है।

मृतक की पहचान 72 वर्षीय एकनाथ सूर्यवंशी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद 29 दिसंबर 2025 को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने पर 3 जनवरी 2026 को उन्हें दूसरे बड़े अस्पताल में रेफर किया गया, जहां 4 जनवरी को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर वेंटिलेटर पर रखा गया। करीब 30 दिनों तक इलाज चलने के बाद गुरुवार शाम परिजन उन्हें घर ले गए थे, जहां शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।

डॉक्टरों के मुताबिक, मरीज की दोनों किडनियां फेल हो चुकी थीं, लिवर गंभीर रूप से खराब था और बीमारी का असर दिल व दिमाग तक पहुंच गया था। दूषित पानी से प्रभावित कई मरीजों में मल्टी ऑर्गन फेल्योर की स्थिति देखी गई है।

इस ताजा मौत के बाद भागीरथपुरा दूषित पानी मामले में मृतकों का आंकड़ा 31 पहुंच गया है। मृतकों में बुजुर्गों के साथ महिलाएं और एक पांच माह का बच्चा भी शामिल है, जिसने इस पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 450 से अधिक मरीजों को इलाज के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है। फिलहाल चार मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से तीन आईसीयू में उपचाराधीन हैं। इलाके में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 24 घंटे संचालित किया जा रहा है और एम्बुलेंस की तैनाती भी की गई है।

हालांकि डायरिया के नए मामले अब कम सामने आ रहे हैं, लेकिन हालात सामान्य होने के बावजूद क्षेत्र के लोग अब भी दहशत में हैं। स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर साफ पानी की आपूर्ति और जिम्मेदारी तय करने को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

Share

Similar Posts