इंदौर में 3 मासूमों की मौत पर उठे सवाल: परिजन का आरोप- बिना पोस्टमॉर्टम सौंपे दो शव, रास्ते में तीसरी बेटी ने भी तोड़ा दम

मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के बेटमा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां फूड पॉइजनिंग का शिकार होने के बाद एक ही परिवार की तीन मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में से दो बच्चियों ने महूँ के मध्य भारत अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा, जबकि तीसरी बच्ची की मौत छत्तीसगढ़ ले जाते समय रास्ते में इटारसी के सरकारी अस्पताल में हुई। तीनों मृत बच्चियां मूल रूप से जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़) की रहने वाली थीं और उनकी उम्र 10, 8 और 5 साल बताई जा रही है। इस पूरे मामले को लेकर सीएमचओ डॉ. माधव हसानी ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है, इस बारे में अभी ज्यादा कुछ नहीं कह सकता हूं।
मिली जानकारी के अनुसार, पीथमपुर स्थित एलएनटी (L&T) कंपनी में काम करने वाले नरेंद्र सिंह और उनकी पत्नी अमरोतिन अपने परिवार के साथ बेटमा क्षेत्र में रहते हैं। परिजनों ने बताया कि देर रात करीब 2 बजे परिवार के सभी सदस्यों ने घर पर बना दाल, चावल, रोटी और सब्जी खाई थी। खाना खाने के कुछ ही देर बाद तीनों बेटियों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उन्हें लगातार उल्टी-दस्त शुरू हो गए। देखते ही देखते बच्चियों की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में इंदौर के मध्य भारत अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद दो बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बदहवास परिजन अस्पताल से दोनों बच्चियों के शवों को लेकर एंबुलेंस के जरिए अपने पैतृक गांव जांजगीर-चांपा के लिए रवाना हो गए। परिजनों का गंभीर आरोप है कि इंदौर के अस्पताल प्रशासन ने दोनों बच्चियों के शवों का बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही उन्हें सौंप दिया। इस दौरान एंबुलेंस में साथ जा रही तीसरी बेटी की हालत भी रास्ते में अचानक बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे तुरंत रास्ते में पड़ने वाले इटारसी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इटारसी थाना प्रभारी (TI) सौरभ पांडे के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का लग रहा है, क्योंकि पूरा परिवार खाना खाने के तुरंत बाद ही बीमार पड़ा था। पुलिस ने तीनों बच्चियों के शवों को अपने कब्जे में ले लिया है। अब तीनों मासूमों का पोस्टमॉर्टम इटारसी के अस्पताल में कराया जा रहा है, जिसके बाद बिसरा सुरक्षित रख जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम और बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह साफ हो सकेगी। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।