भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने किए बाबा महाकाल के दर्शन, भस्म आरती में लिया आशीर्वाद

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने किए बाबा महाकाल के दर्शन, भस्म आरती में लिया आशीर्वाद
उज्जैन। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ के सदस्यों ने शनिवार अलसुबह उज्जैन स्थित ज्योतिर्लिंग बाबा महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर प्रबंध समिति द्वारा टीम के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ का स्वागत एवं सत्कार किया गया। सभी सदस्यों ने बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना कर देश और टीम की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया।
महाकाल मंदिर पहुंचने वाले टीम सदस्यों में हरमनप्रीत कौर, श्रेयंका पाटिल, रेणुका सिंह, यस्तिका भाटिया, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी सहित कोचिंग स्टाफ के सदस्य शामिल रहे। सभी ने प्रसिद्ध भस्म आरती में भाग लेकर आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त किया।
महाकालेश्वर मंदिर में खिलाड़ियों की मौजूदगी को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिला। टीम के सदस्यों ने मंदिर परिसर में दर्शन करने के बाद बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया और अपनी आगामी क्रिकेट प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
उल्लेखनीय है कि उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।






