अंडर-18 एशिया कप: महिला टीम का चीन से मुकाबला, पाकिस्तान से भिड़ेगी भारतीय पुरुष टीम
काकामिगाहारा (जापान)। भारतीय अंडर-18 महिला और पुरुष हॉकी टीमों ने अंडर-18 एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बनाकर खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ाया है। पूल चरण में शानदार प्रदर्शन करने के बाद दोनों टीमें अब अंतिम चार के मुकाबलों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
महिला वर्ग में भारतीय टीम ने पूल-ए में अपने सभी मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। टीम ने तीन मैचों में कुल 30 गोल दागे और केवल दो गोल खाए। भारत ने अपने पहले मैच में मलेशिया को 2-1 से हराया, इसके बाद कोरिया को 3-1 से शिकस्त दी और अंतिम मुकाबले में सिंगापुर को 25-0 से हराकर सेमीफाइनल में धमाकेदार प्रवेश किया।
भारतीय महिला टीम के लिए नौशीन नाज अब तक सबसे सफल गोल स्कोरर रही हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में 10 गोल किए हैं। गीथाश्री नम्मी ने 5, कप्तान स्वीटी कुजूर ने 4 और प्रियंका मिन्ज़ ने 3 गोल दागे हैं।
अब भारतीय महिला टीम का सामना सेमीफाइनल में चीन से होगा। चीन ने पूल-बी में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ दूसरा स्थान हासिल किया था। यह मुकाबला 5 जून को सुबह 9:30 बजे भारतीय समयानुसार खेला जाएगा।
महिला टीम की मुख्य कोच रानी ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने पहले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और अब पूरा ध्यान चीन के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल पर है। उन्होंने कहा कि टीम आक्रामक हॉकी खेलते हुए मिले मौकों को गोल में बदलने का प्रयास करेगी।
वहीं पुरुष वर्ग में भारतीय टीम ने पूल-ए में तीन जीत और एक हार के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। भारत ने कजाखस्तान को 13-0 से हराया, हालांकि दूसरे मुकाबले में मेजबान जापान से 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए कोरिया को 4-1 और चीनी ताइपे को 13-1 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।
पुरुष टीम के कप्तान केतन कुशवाहा अब तक 7 गोल कर चुके हैं, जबकि आशीष तानी पुर्ती ने 6 गोल किए हैं। गाज़ी खान और शाहरुख अली ने भी 3-3 गोल का योगदान दिया है।
अब भारतीय पुरुष टीम का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा, जिसने पूल-बी में शीर्ष स्थान हासिल किया था। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला 5 जून को दोपहर 3:30 बजे भारतीय समयानुसार खेला जाएगा।
पुरुष टीम के मुख्य कोच सरदार सिंह ने कहा कि टीम ने पूल चरण के दौरान अपनी कमियों की पहचान कर ली है और विशेष रूप से पेनल्टी कॉर्नर अटैक तथा डिफेंस पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीम की एकजुटता और आत्मविश्वास उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
भारतीय हॉकी प्रेमियों की नजर अब दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी है, जहां महिला टीम फाइनल का टिकट हासिल करने की कोशिश करेगी, जबकि पुरुष टीम पाकिस्तान को हराकर खिताबी मुकाबले में पहुंचने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
