| |

भारत-कनाडा ने व्यापार और निवेश बढ़ाने के लिए शुरू किया नया मंच, आर्थिक साझेदारी होगी मजबूत

भारत और कनाडा ने द्विपक्षीय व्यापारिक रिश्तों को नई मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। दोनों देशों ने व्यापारिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए व्यापार एवं निवेश मंच (Trade and Investment Forum) की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य दोनों देशों के उद्योगों और कारोबारियों को एक मंच पर लाकर आर्थिक साझेदारी को और मजबूत बनाना है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की 25 से 27 मई तक कनाडा यात्रा के बाद वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार, कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू और भारत ने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई है।

व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर जोर

दोनों देशों ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई है। भारत और कनाडा का लक्ष्य इस वर्ष के अंत तक वार्ता पूरी कर एक परस्पर लाभकारी समझौते को अंतिम रूप देना है। माना जा रहा है कि इससे दोनों देशों में व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

व्यापारिक संपर्क और कारोबारी सुगमता पर फोकस

भारत और कनाडा ने लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने, व्यापारिक सुगमता को बेहतर करने और प्रत्यक्ष कारोबारी संबंध मजबूत करने पर भी सहमति व्यक्त की है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन कदमों से दोनों देशों के बीच निवेश और व्यापार को नई गति मिलेगी।

कनाडा भेजेगा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल

कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू ने पुष्टि की है कि ‘टीम कनाडा ट्रेड मिशन’ इस वर्ष भारत का दौरा करेगा। वहीं, पीयूष गोयल के नेतृत्व में 150 से अधिक सदस्यों का भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल हाल ही में कनाडा गया था, जहां दोनों देशों के व्यापारिक नेताओं के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें हुईं।

भारत और कनाडा के बीच यह नई पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब दोनों देश आर्थिक सहयोग बढ़ाने और वैश्विक व्यापारिक चुनौतियों के बीच नए अवसर तलाशने पर जोर दे रहे हैं।

Share

Similar Posts