भारत-कनाडा व्यापार संबंधों को नई रफ्तार: साल के अंत तक मुक्त व्यापार समझौते पर वार्ता पूरी करने की तैयारी
भारत और Canada ने आर्थिक संबंधों को नई दिशा देने की पहल के संकेत दिए हैं। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री Piyush Goyal ने कहा है कि दोनों देश इस साल के अंत तक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के लिए बातचीत पूरी करने पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 2030 तक भारत-कनाडा द्विपक्षीय व्यापार को तीन गुना बढ़ाकर 50 अरब डॉलर तक पहुंचाया जा सकता है।
पीयूष गोयल ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारत और कनाडा व्यापार एवं रणनीतिक साझेदारी को नए स्तर तक ले जाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री Maninder Sidhu द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, विशाल बाजार और निवेश अवसरों को रेखांकित किया।
गोयल ने कहा कि भारत की असाधारण विकास यात्रा यहां के लोगों की आकांक्षाओं, उद्यमशीलता की भावना, प्रतिभा और विशाल बाजार क्षमता से प्रेरित है। उन्होंने कनाडा में भारतीय प्रवासी समुदाय की भूमिका की भी सराहना की, जो अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने कनाडा के प्रधानमंत्री Mark Carney से मुलाकात कर भारत-कनाडा द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) के जल्द पूरा होने को लेकर आशावाद जताया।
पीयूष गोयल ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi की ओर से मार्क कार्नी को शुभकामनाएं दीं और उनकी हालिया भारत यात्रा को याद किया, जिसने दोनों देशों के रिश्तों को नई गति और विश्वास प्रदान किया।
गौरतलब है कि 2023 में खालिस्तानी सिख कार्यकर्ता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर तत्कालीन कनाडाई प्रधानमंत्री Justin Trudeau की सरकार द्वारा भारत पर लगाए गए आरोपों के बाद भारत-कनाडा संबंधों में तनाव आ गया था। अब दोनों देशों के बीच व्यापारिक और कूटनीतिक संबंधों को फिर से पटरी पर लाने की कोशिशें तेज होती दिख रही हैं।





