हुंडई मोटर्स ने कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान, 1 मई से महंगी होंगी कारें

देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी Hyundai Motor India Limited (एचएमआईएल) ने अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। कंपनी के अनुसार नई कीमतें 1 मई 2026 से लागू होंगी।
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि कीमतों में यह वृद्धि अधिकतम 1 प्रतिशत तक होगी, हालांकि यह अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के आधार पर भिन्न हो सकती है।
हुंडई ने कहा कि वह लगातार बढ़ती लागतों को खुद वहन करने की कोशिश कर रही थी, ताकि ग्राहकों पर बोझ न पड़े। लेकिन अब इनपुट लागत में बढ़ोतरी के कारण इसका कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाना जरूरी हो गया है।
कंपनी के मुताबिक, मार्च 2026 में कुल 69,004 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.5 प्रतिशत अधिक है। इसमें घरेलू बिक्री 55,064 यूनिट्स रही, जो अब तक का मार्च महीने का सबसे ऊंचा स्तर है और सालाना आधार पर 6.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
जनवरी से मार्च 2026 की अवधि में कंपनी की कुल बिक्री 2,08,275 यूनिट्स तक पहुंच गई, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 8.7 प्रतिशत अधिक है। वहीं चौथी तिमाही में घरेलू बिक्री 1,66,578 यूनिट्स रही, जो कंपनी के इतिहास का अब तक का सर्वोच्च तिमाही आंकड़ा है।
निर्यात के क्षेत्र में भी कंपनी ने बेहतर प्रदर्शन किया है, जहां 9.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ कुल 41,697 यूनिट्स का निर्यात दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि हाल ही में Tata Motors ने भी अपने यात्री वाहनों की कीमतों में 0.5 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की थी, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी है। इसके अलावा वाणिज्यिक वाहनों की कीमतों में भी 1.5 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है।
ऑटो सेक्टर में लगातार बढ़ती लागत और कमोडिटी कीमतों के चलते कंपनियां कीमतों में संशोधन कर रही हैं, जिसका असर आने वाले समय में ग्राहकों की जेब पर साफ देखने को मिल सकता है।






