हिमाचल पंचायत चुनाव: 11 बजे तक 41% मतदान, सिरमौर सबसे आगे; 103 वर्षीय महिला ने डाला वोट

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के तहत शनिवार को 1189 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और खराब मौसम के बावजूद मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह 11 बजे तक प्रदेश में 41 फीसदी से अधिक मतदान दर्ज किया गया, जबकि सिरमौर जिला सबसे आगे रहा।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के बाद शुरुआती दो घंटों में सुबह 9 बजे तक करीब 20 फीसदी मतदान हुआ था। इसके बाद मतदान की रफ्तार तेज हुई और पूर्वान्ह 11 बजे तक मतदान प्रतिशत 41 फीसदी के पार पहुंच गया। प्रदेशभर के मतदान केंद्रों पर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्ग मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
बारिश के बीच भी मतदान को लेकर उत्साह
शिमला, सोलन, कुल्लू समेत कई जिलों में सुबह से बादल छाए रहे और कई जगह हल्की बारिश भी हुई, लेकिन मौसम मतदाताओं के उत्साह को कम नहीं कर सका। लोग छाते लेकर मतदान केंद्रों तक पहुंचे और लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाई। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
11 बजे तक किस जिले में कितना मतदान?
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक सबसे अधिक 49.28 फीसदी मतदान सिरमौर जिले में दर्ज किया गया। इसके बाद:
- किन्नौर – 43.89%
- हमीरपुर – 42.99%
- शिमला – 42.91%
- ऊना – 42.54%
- सोलन – 42.24%
- लाहौल-स्पीति – 41.77%
- कुल्लू – 41.02%
- बिलासपुर – 38.94%
- कांगड़ा – 38.70%
- मंडी – 38.68%
- चंबा – 38.03% (सबसे कम)
103 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने पेश की मिसाल
पंचायत चुनाव के दौरान बुजुर्ग मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का प्रेरणादायक संदेश दिया। शिमला जिले की ग्राम पंचायत कोटी-02 लैलां के वार्ड नंबर-3 में 103 वर्षीय बुजुर्ग महिला मतदाता ने वोट डालकर मिसाल पेश की।
वहीं वार्ड नंबर-5 के 95 वर्षीय जोबन दास भी मतदान करने पहुंचे। इससे पहले ग्राम पंचायत खड़ाहण में 101 वर्षीय पदम दास अपने परिवार की चार पीढ़ियों के साथ मतदान केंद्र पहुंचे थे। उनके साथ 76 वर्षीय केवल राम, 47 वर्षीय महेंद्र सिंह और 24 वर्षीय दीपक मेहता ने भी मतदान किया।
शाम 3 बजे तक मतदान, फिर आएंगे नतीजे
प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें शनिवार को अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। मतदान शाम 3 बजे तक जारी रहेगा, जिसके बाद प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के परिणाम घोषित किए जाएंगे। वहीं पंचायत समिति (BDC) और जिला परिषद सदस्यों के नतीजे रविवार को घोषित होंगे।
तीसरे चरण की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही प्रदेश की सभी 3754 ग्राम पंचायतों में चुनाव संपन्न हो जाएंगे और गांवों को अगले पांच वर्षों के लिए नई पंचायत सरकार मिलेगी।
निर्वाचन आयोग ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पहले दो चरणों की तरह इस बार भी मतदान प्रतिशत उल्लेखनीय रहेगा, क्योंकि पहले चरण में करीब 79 फीसदी और दूसरे चरण में 80 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था।





