हरिद्वार में 6 जून से शुरू होगा स्मार्ट मीटर अभियान, पहले चरण में हजारों उपभोक्ताओं के घर लगेंगे नए मीटर
हरिद्वार। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी रीवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत जनपद हरिद्वार में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य शुरू किया जा रहा है। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) के मुख्य अभियंता (वितरण) शेखर चंद्र ने गुरुवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्य जयपुर की कंपनी मैसर्स जीनस पावर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को पारदर्शी बिलिंग, बिजली खपत की सटीक जानकारी, रियल टाइम मॉनिटरिंग और बेहतर विद्युत सेवाओं का लाभ मिलेगा। भारत सरकार के 1 अप्रैल 2026 के राजपत्र के अनुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी बिजली उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य किया गया है।
योजना के तहत स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। पहले चरण में 6 जून से 20 जून तक हरिद्वार और रुड़की विद्युत वितरण मंडलों के विभिन्न क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।
हरिद्वार विद्युत मंडल के अंतर्गत जगजीतपुर, सराय, इब्राहिमपुर खुर्द, इब्राहिमपुर कला, शिवालिक नगर, मायापुर, भूपतवाला और कनखल क्षेत्रों को शामिल किया गया है। वहीं रुड़की मंडल के सोत मोहल्ला, बीएसएम तिराहा, आवास विकास, लेबर चौक, डिफेंस कॉलोनी, सिविल लाइंस, आदर्श नगर, ईदगाह रोड और रामपुर तिराहा क्षेत्रों में भी स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य किया जाएगा।
स्मार्ट मीटर स्थापना को लेकर कुछ क्षेत्रों में संभावित विरोध की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन इलाकों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं, वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य बिना किसी बाधा के समय पर पूरा किया जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था लागू होने से बिजली वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनेगी, साथ ही उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत की बेहतर निगरानी करने में भी मदद मिलेगी।
