हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, 6 मजदूरों की मौत: कई के दबे होने की आशंका, SDRF रेस्क्यू जारी

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक गिरने से कम से कम 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य जारी है।
यह हादसा शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर ललपुरा थाना क्षेत्र में देर रात करीब 2 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन पुल का स्लैब तेज आंधी और बारिश के बीच भरभराकर गिर गया। हादसे के समय कुछ मजदूर पुल के नीचे आराम कर रहे थे, जो मलबे में दब गए।
State Disaster Response Force (SDRF) की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है और फंसे मजदूरों की तलाश जारी है।
उत्तर प्रदेश ब्रिज कॉरपोरेशन के एमडी Dharmveer Singh ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के चलते स्लैब गिरा, जिससे नीचे सो रहे मजदूर हादसे का शिकार हो गए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।
मृतकों में 4 मजदूर बांदा और 2 हमीरपुर जिले के बताए जा रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ से वरिष्ठ अधिकारी भी हमीरपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शी सुरेश कुमार के मुताबिक, पुल निर्माण का काम दो शिफ्ट में चल रहा था। जिस समय तेज आंधी आई, पहली शिफ्ट के मजदूर पुल के नीचे मौजूद थे, जबकि दूसरी शिफ्ट के 7 मजदूर पुल पर काम कर रहे थे। आंधी से बचने के लिए कुछ मजदूर पुल पर ही लेट गए थे, तभी अचानक हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की ओर से करीब 90 करोड़ रुपए की लागत से 700 मीटर लंबा दो लेन का पुल मोराकांड से कुरारा गांव के बीच बनाया जा रहा है। मार्च 2024 में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट को दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाना था।






