धार की चौकी में पहुंचें उमंग सिंघार: खाली मिली पुलिस चौकी; बोले- चौकी खाली है तो अपराध कैसे रुकेंगे?

धार। गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम केशवी स्थित पुलिस चौकी में पुलिसकर्मियों के ड्यूटी से नदारद रहने का मामला सामने आया है। नेता प्रतिपक्ष और स्थानीय विधायक उमंग सिंघार ने आज केशवी पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चौकी प्रभारी रमेश डामोर समेत एक भी पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद नहीं मिला।
चौकी परिसर खाली मिलने के बाद उमंग सिंघार ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने बताया कि चौकी पर अक्सर पुलिस जवान ड्यूटी से गायब रहते हैं। पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति के कारण स्थानीय लोगों को सुरक्षा और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
‘चौकी खाली है तो अपराध कैसे रुकेंगे?’
निरीक्षण के बाद उमंग सिंघार ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस चौकी का इस तरह खाली मिलना केवल एक जगह की लापरवाही का मामला नहीं है, बल्कि इससे आदिवासी अंचल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कहा कि जब जिम्मेदार पुलिसकर्मी ही चौकियों से नदारद रहेंगे, तो क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश कैसे लगेगा और आम लोगों की सुरक्षा कौन करेगा।

CM और DGP से कार्रवाई की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक (DGP), धार कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।
उन्होंने चौकी से पुलिसकर्मियों के नदारद रहने की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही आदिवासी अंचल में पुलिस बल की मुस्तैदी बढ़ाकर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही।
ग्रामीणों ने भी बताई समस्या
चौकी पर पुलिसकर्मियों के नहीं मिलने के बाद विधायक ने ग्रामीणों से चर्चा की। ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर जवानों की नियमित मौजूदगी नहीं होने की बात कही। अब इस मामले में पुलिस विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखना होगा।
धार एसपी सचिन शर्मा का कहना है कि
विवेचना के लिए पुलिस गई थी। संदिग्धों की पहचान हो गई है। जल्द मामले का खुलासा होगा।