तिघरा डैम में डूबे गजराराजा मेडिकल कॉलेज के दो छात्र, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी
मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित गजराराजा मेडिकल कॉलेज के दो एमबीबीएस छात्र शनिवार शाम तिघरा डैम में डूब गए। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे छात्र की तलाश रविवार को भी जारी रही।
पिकनिक के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा शनिवार शाम करीब 7 बजे तिघरा डैम के कच्ची पार क्षेत्र में हुआ, जहां आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित है। मेडिकल कॉलेज के आठ छात्र-छात्राओं का समूह पिकनिक मनाने और घूमने के लिए तिघरा डैम पहुंचा था। समूह में चार छात्राएं और चार छात्र शामिल थे।
बताया गया है कि सभी छात्र बोट क्लब से करीब तीन किलोमीटर दूर कच्ची पार क्षेत्र में पहुंचे थे। इसी दौरान सेकेंड ईयर के छात्र आयुष श्रीवास्तव (निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार) और गोपाल अग्रवाल (निवासी बीना, सागर) पानी के काफी करीब चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे लगभग 40 से 50 फीट गहरे पानी में जा गिरे। देखते ही देखते दोनों छात्र डूब गए।
कपड़े और जूते किनारे मिले
जब काफी देर तक दोनों छात्र वापस नहीं लौटे तो साथियों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान डैम के पथरीले किनारे पर दोनों छात्रों के जूते और कपड़े सलीके से रखे मिले। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
रातभर चला रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलते ही तिघरा थाना पुलिस, सीएसपी कृष्णपाल सिंह और थाना प्रभारी शिवराम सिंह कंषाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया।
डैम की अधिक गहराई, कीचड़ और चट्टानी संरचना के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बोट और हाई-पावर सर्च लाइट की मदद से देर रात तक सर्चिंग अभियान चलाया गया।
एक छात्र का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी
रेस्क्यू टीम ने देर रात गोपाल अग्रवाल का शव बरामद कर लिया। हालांकि आयुष श्रीवास्तव का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। रविवार को भी एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम डैम में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
मेडिकल कॉलेज में शोक का माहौल
सीएसपी कृष्णपाल सिंह ने बताया कि दोनों छात्रों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और प्रशासन की निगरानी में तलाश अभियान जारी है।
इस दुखद घटना के बाद गजराराजा मेडिकल कॉलेज में शोक की लहर फैल गई है। सहपाठी छात्र-छात्राएं और शिक्षक इस हादसे से स्तब्ध हैं। पूरे परिसर में गमगीन माहौल बना हुआ है।
