ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशियाई बाजारों में तेजी, गिफ्ट निफ्टी में जोरदार उछाल
पश्चिम एशिया में शांति की बढ़ती उम्मीदों और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच सोमवार को ग्लोबल मार्केट से सकारात्मक संकेत मिले हैं। अमेरिकी और यूरोपीय बाजारों में पिछले कारोबारी सत्र के दौरान तेजी देखने को मिली, वहीं एशियाई बाजारों में भी खरीदारी का रुख बना हुआ है। इससे भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत भी मजबूत रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
अमेरिकी बाजारों में पिछले सत्र के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ 7,473.47 अंक पर बंद हुआ, जबकि नैस्डेक 0.19 प्रतिशत मजबूत होकर 26,343.97 अंक पर पहुंच गया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स 395.65 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ 50,975.35 अंक पर कारोबार करता नजर आया।
यूरोपीय बाजारों में भी मजबूती का माहौल बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.22 प्रतिशत बढ़कर 10,466.26 अंक, सीएसी इंडेक्स 0.37 प्रतिशत की तेजी के साथ 8,115.75 अंक और डीएएक्स इंडेक्स 1.13 प्रतिशत उछलकर 24,888.56 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में भी तेजी का रुख बना हुआ है। नौ प्रमुख एशियाई बाजारों में से सात के सूचकांक हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। हालांकि जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6,150.62 अंक पर कारोबार करता नजर आया। वहीं दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स अवकाश के कारण बंद रहा।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 268.50 अंक यानी 1.13 प्रतिशत उछलकर 23,959.50 अंक पर पहुंच गया है, जो भारतीय बाजार में मजबूत शुरुआत के संकेत दे रहा है। इसके अलावा हैंग सेंग इंडेक्स 0.85 प्रतिशत, ताइवान वेटेड इंडेक्स 2.98 प्रतिशत, और निक्केई इंडेक्स 2.97 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी का असर वैश्विक बाजारों में सकारात्मक सेंटीमेंट के रूप में दिखाई दे रहा है। आने वाले कारोबारी सत्रों में निवेशकों की नजर अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और आर्थिक संकेतकों पर बनी रहेगी।






