| | | | | | |

“गटर जनरेशन” पर एमपी कांग्रेस प्रवक्ता का कंगना को दो टुक: कम उम्र में गलत संगत में पड़ गई थीं, करोड़ों युवाओं पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं

भोपाल। अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत के Gen Z को “गटर जनरेशन” कहे जाने पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता हर्ष जैन ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को पूरी युवा पीढ़ी के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

कम उम्र में वह गलत संगत में पड़ गई थीं
कंगना रनौत ने एक पुराने इंटरव्यू का ज़िक्र करते हुए हर्ष ने कहा- उन्होंने अपने एक इंटरव्यू वीडियो में खुद माना है कि कम उम्र में वह गलत संगत में पड़ गई थीं और ड्रग्स की लत का सामना किया था। बाद में कंगना ने अपने उस बयान की अलग से सफाई भी दी थी। ऐसे में उन्हें करोड़ों युवाओं पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।

पहले भी कई विवादों में घिर चुकी है कंगना
कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी कहा कि कंगना रनौत पहले भी कई विवादों से जुडी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न सार्वजनिक हस्तियों के साथ उनके विवाद रहे हैं और ऐसे में पूरी पीढ़ी को अपमानित करना न तो जिम्मेदाराना है और न ही एक जनप्रतिनिधि के पद के अनुरूप।

किसी भी वर्ग के लिए अपमानजनक टिप्पणी सही नहीं
हर्ष जैन ने कहा कि भारत की Gen Z शिक्षा, नवाचार, उद्यमिता, तकनीक और राष्ट्रनिर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। युवाओं का सम्मान किया जाना चाहिए और किसी भी वर्ग के लिए अपमानजनक टिप्पणी सही नहीं है।

Share