| | |

डॉग का मुखौटा पहनकर जनसुनवाई में पहुंचा कांग्रेस कार्यकर्ता: डॉग बाइट को लेकर किया विरोध; कहा- नगर निगम ने तोड़े भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड

खंडवा। शहर में डॉग बाइट की बढ़ती समस्या और कुत्तों के बधियाकरण के नाम पर हो रही गड़बड़ी के विरोध में नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर ने अनोखे तरीके से विरोध जताया। वह एक व्यक्ति को कुत्ते का मुखौटा पहनाकर कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में लेकर पहुंचे।

‘इंसानों की नहीं सुनी तो यह खुद अपनी लड़ाई लड़ेगा’
मुल्लू राठौर ने कहा कि यह कुत्ता दिल्ली से पढ़कर आया है और इसने कहा है कि अब वह खुद जाकर एफआईआर करवाएगा। इसके बाद कार्रवाई होगी या नहीं, यह देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम को यह भी पता नहीं है कि कुत्तों का बधियाकरण बंद है या चालू।


यह कुत्ता खुद अपनी लड़ाई लड़ेगा
उन्होंने कहा कि जब नगर निगम इंसानों की समस्याएं नहीं सुन रहा है तो अब यह कुत्ता खुद अपनी लड़ाई लड़ेगा। राठौर ने कानूनी कार्रवाई करने और हाईकोर्ट तक जाने की बात भी कही।

कुत्तों के नाम पर 40 लाख का घोटाला
नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर ने आरोप लगाया कि खंडवा नगर निगम ने कई मामलों में रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि पहले नाश्ते के नाम पर साढ़े चार करोड़ रुपये और अब कुत्तों के नाम पर 40 लाख रुपये के घोटाले का मामला सामने आया है।
‘चार साल में 13,225 लोगों को कुत्तों ने काटा’
राठौर ने दावा किया कि पिछले चार साल में 13,225 लोगों को कुत्तों ने काटा है। उन्होंने कहा कि डॉग बाइट की समस्या को लेकर बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका असर नजर नहीं आया। नगर निगम की व्यवस्थाओं से केवल इंसान ही नहीं, बल्कि जानवर भी परेशान हैं।
Share