|

जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ में बादल फटने से भारी तबाही, NH-244 बंद; राहत कार्य जारी

जम्मू संभाग के डोडा में भूस्खलन के बाद राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। किश्तवाड़ और डोडा जिले में रविवार रात बादल फटने से कीचड़ और पत्थरों का सैलाब आ गया, जिसकी चपेट में निर्माणाधीन क्वार जल विद्युद परियोजना के पास खड़े वाहन और अन्य निर्माण उपकरण दब गए। मंगलवार को भी इसका असर दिखा, नेशनल हाईवे 244 फिलहाल बंद है।

भारी बारिश से निर्माण सामग्री को भी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि उस समय परियोजना में कोई मौजूद नहीं था। डोडा-किश्तवाड़ राजमार्ग को नुकसान पहुंचा है। कीचड़, चट्टानें और मलबा जमा होने से हाईवे बंद कर दिया है। घटना के बाद अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सड़क की सफाई और मरम्मत का काम शुरू कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। सोमवार दिनभर मौसम साफ रहा।

बड़ी संख्या में गाड़ियां मलबे में दबी

बाजार में सटे नाले में अधिक पानी और मलबा आने से निचले इलाके के कुछ मकानों और मंदिर को नुकसान पहुंचा है। किश्तवाड़ में निर्माणाधीन 540 मेगावाट क्वार हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट के टनल क्षेत्र के निकट बादल फटने से परियोजना क्षेत्र में बड़ी मात्रा में कीचड़ और चट्टानें आ गई हैं, जिसमें कई ट्रक, डोजर और अन्य निर्माण उपकरण दब गए हैं।

प्रशासन अलर्ट, हालात पर नजर

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्स्थापन कार्य जारी है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल जिले के अन्य हिस्सों से किसी बड़ी क्षति की सूचना नहीं मिली है, लेकिन मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

Share