झाबुआ में मानसून सक्रिय दो दिनों में हुई झमाझम बारिश, अगले पांच दिनों के लिए भारी वर्षा का अलर्ट
झाबुआ जिले में सोमवार की शाम से पेटलावद, थांदला और झाबुआ अंचल में शुरू हुआ बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी रहा, जिससे रायपुरिया और बामनिया, रानापुर और कल्याणपुरा जैसे क्षेत्रों में झमाझम पानी बरसा। मूसलाधार बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं और कई स्थानों पर सड़कों पर पानी का तेज बहाव देखने को मिला। झाबुआ के कालेज रोड पर जल भराव के कारण छात्र परेशान होते देखे गए। वहीं पेटलावद के ग्रीड में भी जल भराव के कारण कुछ समय बिजली बाधित रही।
इस बारिश से खरीफ की फसलों को लेकर किसानों की उम्मीदें बढ़ गई हैं और लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे अन्नदाताओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है। । क्षेत्र की नदियों में भी पानी की आवक शुरू हो गई है।
भू-अभिलेख अधीक्षक द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, झाबुआ जिले में बीते 24 घंटे में सुबह 8 बजे तक औसत 35.07 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान पेटलावद तहसील में सबसे अधिक 88.40 मिलीमीटर, राणापुर में 48.10 मिलीमीटर, झाबुआ में 33.40 मिलीमीटर, थांदला में 25.20 मिलीमीटर, मेघनगर में 13.00 मिलीमीटर और रामा में 2.30 मिलीमीटर वर्षा हुई। वहीं, 01 जून से 07 जुलाई 2026 की सुबह 8 बजे तक जिले में कुल 122.57 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। इसमें पेटलावद में 166.30 मिलीमीटर, झाबुआ में 143.40 मिलीमीटर, रामा में 126.60 मिलीमीटर, राणापुर में 111.50 मिलीमीटर, थांदला में 101.60 मिलीमीटर और मेघनगर में 86.00 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष इसी अवधि में औसत वर्षा 353.35 मिलीमीटर दर्ज की गई थी, जिसके मुकाबले इस वर्ष अब तक कुल वर्षा के आंकड़ों में अंतर देखा जा रहा है।
मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों के लिए सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। जिले में आसमान में घने से मध्यम बादल छाए रहेंगे और तापमान सामान्य बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 8 और 9 जुलाई को जिले के कई हिस्सों में भारी वर्षा की प्रबल संभावना है, जबकि 10 से 12 जुलाई तक हल्की वर्षा हो सकती है।