उज्जैन में हाथी पर सवार होकर आए बिजली अधिकारी: कार्यालय में मनाया जन्मदिन; वीडियो वायरल

उज्जैन। बिजली कंपनी के सरकारी कार्यालय में अधिकारी का जन्मदिन मनाने का मामला चर्चा में है। आरोप है कि कार्यालय में नियमों को ताक पर रख कर सहायक यंत्री का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया।
ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच अधिकारी की हाथी पर सवार होकर कार्यालय में एंट्री हुई। इसके बाद कार्यालय परिसर में ही केक काटकर जन्मदिन का जश्न मनाया गया।
इस दौरान कर्मचारियों और अन्य लोग की मौजूद थे। पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। अब विभागीय स्तर पर जांच हो रही है।
आयोजन का वीडियो वायरल
दरसल पूरा मामला, उज्जैन के वल्लभ नगर जोन स्थित मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का है। यहां पदस्थ सहायक यंत्री रविकांत मालवीय के जन्मदिन समारोह के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में अधिकारी हाथी पर बैठे हुए दिख रहे है। उनके आगे-आगे ढोल वाले चल रहे है। कर्मचारी उनपर फूल बरसा रहे है।
कर्मचारी नाचते हुए दिखे
अधिकारी तस्वीरों में फूलों की बड़ी-बड़ी माला पहने, केक काटते हुए दिखाई रहे है। सभी कर्मचारी नाचते हुए दिख रहे है। सरकारी कार्यालय में हुए इस आयोजन को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय कार्रवाई की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
अधिकारी को जारी करेंगे नोटिस
अधीक्षण यंत्री विनोद कुमार मालवीय ने कहा कि इस तरह से कार्यालय में जन्मदिन मनाना गरिमा के अनुरूप नहीं है। इसके लिए अधिकारी को नोटिस जारी किया जाएगा। भविष्य में इस तरह की गलती ना हो इसके लिए सभी को हिदायत दी जाएगी।