| |

झाबुआ में किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब की बिक्री: 36 पेटी शराब बरामद ; 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार

झाबुआ। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ग्राम रूपाखेड़ा के माली फलिये में एक किराना दुकान और मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। विभाग ने कुल 36 पेटी शराब जब्त की है। इसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 81 हजार 128 रुपए बताई गई है।

384 लीटर से ज्यादा शराब मिली
आबकारी विभाग के अनुसार कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई। टीम ने नंदू उर्फ व्यास पिता अर्जुन पंचाल (21) के मकान और किराना दुकान की तलाशी ली। इस दौरान माउंट कैन बीयर की 21 पेटी, बैगपाइपर डीलक्स व्हिस्की की 11 पेटी, गोवा व्हिस्की की 2 पेटी, किंगफिशर बीयर केन की 1 पेटी और किंगफिशर बीयर कांच की 1 पेटी मिली।

कुल 36 पेटियों में 384.12 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद हुई। आबकारी टीम ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आबकारी अधिनियम में केस दर्ज
कार्रवाई कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, संभागीय उड़नदस्ता इंदौर के उपायुक्त इंदरसिंह जामोद और जिला आबकारी अधिकारी रविन्द्र मानिकपुरी के निर्देशन में की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी महादेव सोलंकी के मार्गदर्शन में आबकारी उपनिरीक्षक विकास वर्मा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।

अभियान में उपनिरीक्षक अकलेश सोलंकी सहित अन्य कर्मचारियों का भी योगदान रहा।आबकारी विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब के संग्रहण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share