| |

थांदला में निकली विशाल कलश-कावड़ यात्रा: महिलाओं ने सिर पर कलश उठाए; कई युवाओं ने जयकारों के साथ कावड़ उठाई

थांदला। श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर विश्व हिंदू परिषद की ओर से विशाल कलश और कावड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा थांदला से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित स्वयंभू माता मंदिर से शुरू हुई। यहां श्रद्धालुओं ने मां पद्मावती नदी से कलश और कावड़ में पवित्र जल भरा। इसके बाद यात्रा थांदला की ओर रवाना हुई।

बायपास चौराहे से नगर में प्रवेश किया। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुरानी कृषि उपज मंडी पहुंची।

महिलाओं ने सिर पर उठाए कलश
कावड़ यात्रा में महिलाओं और युवतियों ने आगे चलकर सिर पर कलश धारण किए। उनके पीछे युवक कंधों पर कावड़ लेकर चल रहे थे। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। यात्रा का नगर में जगह-जगह स्वागत किया गया। लोगों ने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा भी की।

सभा के बाद गांवों की ओर रवाना हुए श्रद्धालु
पुरानी कृषि उपज मंडी प्रांगण में सभा आयोजित की गई। इसमें विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी कमल महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित किया। सभा के बाद श्रद्धालु कलश और कावड़ लेकर अपने-अपने गांवों की ओर रवाना हुए। वहां शिवलिंग पर पद्मावती नदी का पवित्र जल अर्पित कर जलाभिषेक किया गया।

हर साल बढ़ रहा यात्रा का स्वरूप
विश्व हिंदू परिषद की ओर से पिछले कई वर्षों से श्रावण मास में कावड़ यात्रा निकाली जा रही है। हर साल यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या और आयोजन का स्वरूप बढ़ता जा रहा है। इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए।

Share