इंदौर में जर्जर भवनों पर निगम का एक्शन, बारिश के बीच दो खतरनाक इमारतों का ध्वस्तीकरण
इंदौर में मंगलवार को नगर निगम की टीम लगातार हो रही बारिश के चलते कही संभावित हादसा ना हो जाए उसके लिए जर्जर मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई कर रही है। आज नगर निगम की टीम ने जोन क्रमांक – 12 में दो स्थानों पर करवाई करते हुए खतरनाक भवनों के हिस्सों को हटाया।
भवन अधिकारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि पहली कार्रवाई करीब एक हजार वर्गफीट क्षेत्रफल वाले एक जर्जर भवन पर की गई। इस भवन मालिक को 26 जून को पहला नोटिस जारी किया गया था। हाल ही में भवन का छज्जा गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त होने की शिकायत मिली थी। निरीक्षण में भवन को खतरनाक पाए जाने के बाद मंगलवार को उसके जर्जर हिस्से को हटाने की कार्रवाई की गई।
नंदलालपुरा में भी निगम की कार्रवाई
नगर निगम ने नंदलालपुरा स्थित सोमवंती समाज की भूमि पर बने पुराने और जर्जर निर्माण को भी हटाया। अधिकारियों के अनुसार इस भवन को वर्ष 2022-23 से लगातार नोटिस दिए जा रहे थे, लेकिन भवन की मरम्मत या सुरक्षा संबंधी कोई कार्य नहीं कराया गया। इसके बाद 14 जून को अंतिम नोटिस जारी किया गया था। बारिश के मौसम में भवन के गिरने की आशंका को देखते हुए मंगलवार को निगम ने रिमूवल की कार्रवाई की।
भारी पुलिस बल के साथ किया गया ध्वस्तीकरण
कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए दो थानों का पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं निगम की दो से तीन रिमूवल टीमें, एक पोकलेन मशीन और दो जेसीबी की मदद से जर्जर हिस्सों को हटाया गया। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में चिन्हित जर्जर भवनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।