डीके शिवकुमार का केंद्र पर हमला, ‘उज्ज्वला’ योजना को बताया ‘लकड़ी भाग्य’

डीके शिवकुमार ने रसोई गैस की कमी और बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ‘उज्ज्वला’ योजना अब ‘लकड़ी भाग्य’ में बदल गई है।

कांग्रेस पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि युद्धों का हवाला देकर केंद्र सरकार देश में बढ़ती महंगाई की समस्या को नजरअंदाज कर रही है।

शिवकुमार ने कहा कि रसोई गैस की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के कारण आम जनता और होटल उद्योग दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना अब लोगों को राहत देने के बजाय ‘लकड़ी भाग्य’ जैसी स्थिति पैदा कर रही है।

उन्होंने पेट्रोल-डीजल और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताई और कहा कि इससे आम लोगों का जीवन कठिन होता जा रहा है।

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य सरकार की ‘गारंटी’ योजनाएं इस मुश्किल समय में लोगों के लिए सहारा साबित हो रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि टोल दरों में बढ़ोतरी और करीब 900 आवश्यक दवाओं की कीमतों में वृद्धि से जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘अच्छे दिन’ के वादे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अब ‘अच्छे दिन’ नहीं बल्कि ‘कच्चे दिन’ आ गए हैं।

इसके साथ ही उन्होंने 1 अप्रैल से बढ़ने वाली कीमतों को लेकर तंज कसते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने जनता को ‘अप्रैल फूल’ बना दिया है।

Share

Similar Posts