धार में त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक: झांकी-अखाड़ों को मिलेंगे क्रमांक; DJ तय डेसिबल सीमा में बजेगा

धार। आगामी अनंत चतुर्दशी, नवरात्रि, दशहरा सहित अन्य त्योहारों के लिए कलेक्टर राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई।
बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को शहर में आवारा पशुओं पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पशुपालकों द्वारा पशुओं को खुले में छोड़ने पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में लगे अवैध फ्लेक्स और होर्डिंग्स हटाने तथा निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा।
झांकियों के मार्ग का होगा निरीक्षण
कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को झांकियों के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्ग पर विद्युत तारों की ऊंचाई सहित अन्य व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि जुलूस और झांकियों के दौरान किसी प्रकार की परेशानी या दुर्घटना की स्थिति न बने।
डीजे संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश
अनुविभागीय अधिकारी, धार को डीजे संचालकों की बैठक लेकर निर्धारित डेसिबल सीमा में ही डीजे संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि त्योहारों के दौरान ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।
झांकी और अखाड़ों को मिलेंगे क्रमांक
त्योहारों के दौरान निकलने वाली झांकियों और अखाड़ों को क्रमांक आवंटित करने के निर्देश भी दिए गए। सभी को निर्धारित क्रम और मार्ग के अनुसार आगे बढ़ाया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि यदि कोई झांकी या अखाड़ा निर्धारित समय और क्रमांक के अनुसार उपस्थित नहीं होता है तो उसे पीछे रखा जाए, ताकि जुलूस की व्यवस्था और क्रम में व्यवधान न हो। बैठक में पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, अपर कलेक्टर संजीव केशव पाण्डेय सहित शांति समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।