धार में अवैध शराब के खिलाफ एक्शन: 45 केस दर्ज कर 25 आरोपियों को पकड़ा; 5600 लीटर गुड़-लहान नष्ट

धार। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिलेभर में व्यापक कार्रवाई की।
अभियान के दौरान अवैध शराब का विक्रय एवं परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 45 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग ने अवैध शराब जब्त की। कलेक्टर राजीव रंजन मीणा के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी के मार्गदर्शन में विभागीय टीमों ने ग्रामीण अंचलों में एक साथ सर्चिंग अभियान चलाते हुए होटल, ढाबों सहित संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी।
विभाग के अनुसार जिले में अभी तक संदिग्ध जहरीली शराब से संबंधित कोई प्रकरण सामने नहीं आया है। हालांकि, किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है। कार्रवाई के दौरान जब्त की गई शराब के नमूने भी नियमानुसार लिए जाकर उनकी सैंपलिंग करवाई जा रही है।
परिवहन पर रहेगी नजर
विभागीय टीमों ने अवैध शराब बनाने के लिए उपयोग किए जा रहे महुआ लहान के खिलाफ भी कार्रवाई की। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के संभावित ठिकानों की लगातार निगरानी की जा रही है। जहरीली शराब के निर्माण एवं बिक्री की आशंका को देखते हुए विभाग विशेष रूप से अलर्ट है।
सैंपल लेने के निर्देश दिए
सहायक आबकारी आयुक्त अवस्थी ने जिले के सभी वृत्त अधिकारी व सहायक जिला आबकारी अधिकारियों की बैठक लेकर क्षेत्र में लगातार सर्चिंग अभियान चलाने व जब्त मदिरा के सैंपल समय-समय पर लेने के निर्देश दिए हैं। अवैध शराब के परिवहन को रोकने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष रणनीति तैयार की है।
75 लीटर कच्ची शराब जब्त
जिले के धरमपुरी में 6, गंधवानी में 5, सरदारपुर में 6, धार में 5, बदनावर व कुक्षी में 4-4 व सागौर में तीन प्रकरण अवैध शराब बिक्री को लेकर दर्ज किए गए है। साथ ही संयुक्त टीम द्वारा सूरजपुरा नाले किनारे सूरजपुरा तालाब किनारे और सादी नदी, मूसपुरा दी गई दबीश में कुल 5600 लीटर गुड़ -लाहन और 75 लीटर कच्ची शराब जब्त कर कुल 05 प्रकरण दर्ज किए गए।
अवैध शराब को जब्त किया
इनका कहना हैं, कि जीरों टॉलरेंस नीति के तहत अवैध शराब परिवहन व विक्रय को लेकर विभागीय टीम लगातार कार्यवाही कर रही है। जिले में अभी तक संदिग्ध जहरीली शराब को लेकर कोई प्रकरण सामने नहीं आया हैं, किंतु विभागीय टीम अलर्ट है। जप्त शराब की सैंपलिंग भी करवाई जा रही हैं। एक दिन में 45 प्रकरण दर्ज कर अवैध शराब को जब्त किया गया है। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इन्होंने की कार्रवाई
यह कार्यवाही सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रशांत मंडलोई, डॉ निलेश नेमा, आबकारी उप निरीक्षक राज कुमार शुक्ला, संग्राम सिंह गोरे, मुनेंद्र जादौन, अश्विनी रोजड़े, वर्षा राजपूत, जितेंद्र राठौर धार, सागौर, सरदारपुर और बदनावर की संयुक्त टीम द्वारा की गई।