CM मोहन यादव का कल धार दौरा: सरकारी दफ्तरों में रंगाई-पुताई तेज; औचक निरीक्षण की संभावना

धार। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का धार जिले का दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत उनके कल धार पहुंचने की संभावना है। प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए कलेक्ट्रेट, जिला दंडाधिकारी कार्यालय, जिला पंचायत कार्यालय सहित अन्य सरकारी कार्यालयों में रंगाई-पुताई और साफ-सफाई का काम कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
जन संवाद और समीक्षा बैठक में होंगे शामिल
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री धार में जन संवाद ‘उत्तम संवाद’ कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में भी शामिल होने का कार्यक्रम है।
मुख्यमंत्री जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक और समाधान कार्यक्रम में भी मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान वे मीडिया से भी संवाद कर सकते हैं।
हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे धार
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से धार पहुंचेंगे। हेलीपैड पर उतरने के बाद उनके कलेक्ट्रेट पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है।
औचक निरीक्षण की भी संभावना
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों में भी सतर्कता है। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री किसी सरकारी कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण भी कर सकते हैं। इसी को देखते हुए जिला दंडाधिकारी कार्यालय, जिला पंचायत कार्यालय समेत अन्य कार्यालयों में व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।
कलेक्टर बोले- कार्यक्रम अभी प्रस्तावित
धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने बताया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम फिलहाल प्रस्तावित है। शासन की ओर से कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा आना अभी बाकी है।