धार में 29 लाख की अवैध शराब जब्त: 10 दिनों में 101 आरोपी गिरफ्तार; अलर्ट पर आबकारी विभाग

धार। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिलेभर में व्यापक कार्रवाई की।
अभियान के दौरान 10 दिनों में आबकारी अमले ने 187 प्रकरण दर्ज करते हुए 101 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
29 लाख की अवैध शराब
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने 29 लाख कीमत की अवैध शराब को जब्त किया है। कलेक्टर राजीव रंजन मीणा के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी के मार्गदर्शन में विभागीय टीमों ने ग्रामीण अंचलों में एक साथ सर्चिंग अभियान चलाते हुए होटल, ढाबों सहित संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। साथ ही फोरलेन मार्ग पर रात के समय गश्त बढाई गई हैं, संदिग्ध वाहनों की तलाशी भी आबकारी कर रहा है।
विभाग पूरी तरह सतर्क
विभाग के अनुसार जिले में अभी तक संदिग्ध जहरीली शराब से संबंधित कोई प्रकरण सामने नहीं आया है। हालांकि, किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है। लाईसेंसी ठेकेदारों को दी गई शासकीय दुकानों से भी शराब के सैंपल लिए गए हैं, इन सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया है।
आगामी कार्यवाही आबकारी विभाग करेगा
रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्यवाही आबकारी विभाग करेगा। उक्त कार्यवाही सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रशांत मंडलोई, डॉ निलेश नेमा, आबकारी उप निरीक्षक राज कुमार शुक्ला,संग्राम सिंह गोरे, मुनेंद्र जादौन, अश्विनी रोजड़े,वर्षा राजपूत, जितेंद्र राठौर सहित स्टॉफ द्वारा की जा रही है।
परिवहन पर रहेगी नजर
विभागीय टीमों ने अवैध शराब बनाने के लिए उपयोग किए जा रहे महुआ लहान के खिलाफ भी कार्रवाई की। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के संभावित ठिकानों की लगातार निगरानी की जा रही है। जहरीली शराब के निर्माण एवं बिक्री की आशंका को देखते हुए विभाग विशेष रूप से अलर्ट है।
लगातार चलेगा सर्चिंग अभियान
सहायक आबकारी आयुक्त अवस्थी ने जिले के सभी वृत्त अधिकारी व सहायक जिला आबकारी अधिकारियों की बैठक लेकर क्षेत्र में लगातार सर्चिंग अभियान चलाने व जब्त मदिरा के सैंपल समय-समय पर लेने के निर्देश दिए हैं।
489 लीटर देशी शराब जब्त
अवैध शराब के परिवहन को रोकने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष रणनीति तैयार की है। कार्यवाही के दौरान 489 लीटर देशी शराब, 1265 लीटर हाथ भटटी, ताडी 25 लीटर, विदेशी मदिरा 132 लीटर, बीयर 346 लीटर, महुआ लहान 22 हजार किलो ग्राम जब्त किया गया है।
जब्त शराब की सैंपलिंग होगी
इनका कहना हैं, कि जीरों टॉलरेंस नीति के तहत अवैध शराब परिवहन व विक्रय को लेकर विभागीय टीम लगातार कार्यवाही कर रही है। जिले में अभी तक संदिग्ध जहरीली शराब को लेकर कोई प्रकरण सामने नहीं आया हैं, किंतु विभागीय टीम अलर्ट है। जब्त शराब की सैंपलिंग भी करवाई जा रही हैं। पिछले 10 दिनों में 187 प्रकरण दर्ज किए है। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।