|

धामनोद में बस के सामने आने से सड़क से उतरी कार: पेड़ से टकराई ;युवक की मौत, 2 घायल

धार। धामनोद थाना क्षेत्र में एबी रोड पर खाटू श्याम मंदिर के पास बुधवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजपुर की ओर जा रही कार (MP 09 ZD 1186) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पेड़ से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पेड़ भी जड़ से उखड़ गया। हादसे में कार सवार राजपुर निवासी मयूर पिता सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सामने से आई बस, चालक ने खोया संतुलन
जानकारी के अनुसार कार धामनोद से राजपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार के सामने अचानक रॉन्ग साइड से बस आ गई। बस से बचने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सर्विस रोड से नीचे उतरकर गहरे गड्ढे में चली गई।

इसके बाद कार पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और पेड़ भी जड़ से उखड़ गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मयूर की मौके पर मौत, दो घायल
हादसे में कार सवार राजपुर निवासी मयूर पिता सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई। कार में पीछे बैठे डेविड (26) और मधुबन से लिफ्ट लेकर सवार हुए सूरज (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही टोल एंबुलेंस के पायलट सूरज नायक और हरीश ओसारे मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल धामनोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को किया रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर जगदीश देवड़ा ने मयूर को मृत घोषित किया। वहीं दोनों घायल युवकों को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस कर रही हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद धामनोद पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और रॉन्ग साइड से आई बस के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

 

Share